जरमुंडी विधायक के घर से कुक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दुमका में एक युवक का शव बरामद हुआ है. युवक जरमुंडी विधायक के घर पर कुक का काम करता था.

Published : August 25, 2026 at 11:47 AM IST
दुमका: जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में देर रात को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू राउत, पिता अनिल राउत, ग्राम दोयम तेलियाडीह, थाना सारवां, जिला देवघर निवासी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सोनू राउत जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के घर पर खाना बनाने का काम करता था. वह डाक बंगला परिसर में रहकर काम करता था.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बताया जाता है कि सोमवार सुबह उसने सभी के लिए नाश्ता तैयार किया था. इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया. दोपहर का भोजन बनाने के समय जब उसकी तलाश की गई तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया. काफी खोजबीन के बाद उसके कमरे में शव मिला, जो सोनू राउत का था.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा एवं रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर, मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या करने की आशंका जताई है. पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
एसडीपीओ का बयान
एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि विधायक के घर से एक युवक का शव बरामद हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या है या हत्या. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: चतरा जेल में बंद विचाराधीन कैदी ने दी अपनी जान, टीएसपीसी का था उग्रवादी
धनबाद में कोयला कारोबारी ने की आत्महत्या की कोशिश, पुलिस मामले की जांच में जुटी
बोकारो में युवती की हत्या मामले का खुलासा, कथित प्रेमी और उसके माता-पिता ही निकले कातिल

