ETV Bharat / state

वीडियो से शुरू विवाद 24 साल पुरानी मुंबई पार्टी तक पहुंचा, चैंपियन-उमेश झगड़े में गोदियाल-भट्ट भी पिसे

चैंपियन और उमेश ने एक बार फिर से उत्तराखंड की राजनीति का पारा चढ़ा दिया. एक वीडियो से शुरू हुआ विवाद राजनीतिक हो चुका है.

Etv Bharat
चैंपियन और उमेश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 25, 2026 at 7:06 PM IST

|

Updated : February 25, 2026 at 8:32 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

किरणकांत शर्मा

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में तल्खियां नई नहीं हैं, लेकिन इस बार मामला निजी आरोपों के वायरल वीडियो और 24 साल पुरानी मुंबई पार्टी तक जा पहुंचा है. खानपुर (हरिद्वार) की सियासत से शुरू हुआ विवाद अब देहरादून से लेकर सोशल मीडिया की गलियों तक गूंज रहा है. खानपुर से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और मौजूदा विधायक उमेश कुमार के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दुश्मनी ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया है.

बीते साल दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच कथित तौर पर हुई गोलीबारी की घटना ने इस रिश्ते की कड़वाहट को सार्वजनिक कर दिया था. उसके बाद कुछ महीनों तक सन्नाटा रहा, लेकिन अब एक वायरल वीडियो ने सियासी आग में घी डाल दिया है. इन दोनों की इस लड़ाई में इस बार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी गेहूं में घुन की तरह पिस गए हैं. आइए जानते हैं कैसे?

उत्तराखंड की सियासत में मुंबई डांस पार्टी की चर्चा (ETV Bharat)

शादी समारोह का वीडियो और नोटों की बरसात: सारा विवाद उस वक्त भड़का जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक शादी समारोह में नृत्य कर रही युवती पर पैसे न्योछावर करते दिखाई दे रहे हैं. जैसे ही यह वीडियो सामने आया विपक्षी दलों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स ने भी तीखी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी.

वीडियो के वायरल होते ही चैंपियन ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि यह सब उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी की साजिश है. उन्होंने बिना नाम लिए इशारा उमेश शर्मा की ओर किया और कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए पुराना वीडियो वायरल कराया गया है.

सुरक्षा किस आधार पर, पत्नी को लेकर सवाल: इसके बाद चैंपियन ने खुद एक वीडियो जारी कर मोर्चा संभाला और सीधे-सीधे उमेश शर्मा पर हमलावर हो गए. बयानबाजी का स्तर इतना नीचे चला गया कि निजी जिंदगी और परिवार तक बात पहुंच गई. विवाद उस वक्त और गहरा गया, जब एक वीडियो में चैंपियन यह कहते सुनाई दिए कि विधायक उमेश शर्मा की पत्नी को किस आधार पर सुरक्षा कर्मी दी गई, जबकि उनका कोई वजूद नहीं है. इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई.

ETV Bharat
बीते साल उमेश कुमार और कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का झगड़ा काफी चर्चाओं में रहा था. (ETV Bharat)

उमेश कुमार की पत्नी ने जारी किया वीडियो: इसके जवाब में विधायक की पत्नी ने भी एक वीडियो जारी किया. उन्होंने अपने पारिवारिक बैक ग्राउंड का जिक्र करते हुए चैंपियन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अपने मुंह से बार-बार राजा राजा कहना किसी की शिक्षा और मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें मिली सुरक्षा किसी दबाव का नतीजा नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है. इस वीडियो के बाद मामला सिर्फ दो नेताओं की जंग नहीं रहा, बल्कि पारिवारिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गया.

कांग्रेस की एंट्री: विवाद में विपक्ष की एंट्री तब हुई जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चैंपियन के वीडियो पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर एक कांग्रेसी होने के नाते प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह सब बीजेपी के संस्कार हैं और चैंपियन हमेशा ऐसे विवादों के लिए जाने जाते रहे हैं.

साल पुरानी मुंबई पार्टी का जिक्र: गोदियाल के इस बयान के बाद चैंपियन ने अपना फोकस उमेश शर्मा से हटाकर सीधे कांग्रेस पर साध लिया. उन्होंने एक नया आरोप उछाल दिया, जिसमे उन्होंने कई तरह की बातें तो की हैं, साथ ही करीब 24 साल पुरानी मुंबई की एक पार्टी का जिक्र कर कई नेताओं को परेशानी में डाल दिया.

चैंपियन ने अपने वीडियो में दावा किया कि करीब दो दशक पहले मुंबई के एक क्लब में हुई पार्टी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कई अन्य विधायक मौजूद थे. चैंपियन ने कहा कि उन्हें उस पार्टी में गणेश गोदियाल ही लेकर गए थे.

ETV Bharat
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर बीते साल उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग करने का भी आरोप लगा था. (ETV Bharat)

हरक सिंह रावत को भी लपेटा: चैंपियन ने आरोप लगाया कि उस पार्टी में बार बालाओं का डांस हुआ था और कई नेताओं ने डांस फ्लोर पर थिरकते हुए रात बिताई थी. उन्होंने यह भी कहा कि उस पार्टी में वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत भी मौजूद थे और उन्होंने डांस किया था. चैंपियन ने खुद को चरित्रवान बताते हुए कहा कि वे वहां सिर्फ धर्मेंद्र की तरह शो देख रहे थे. इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया.

गोदियाल का पलटवार: चैंपियन के आरोपों के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी कर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का जिक्र किया जा रहा है, उसमें कुछ भी अनैतिक नहीं था.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंची बात: गोदियाल ने खुलासा किया कि उस कार्यक्रम में बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों के विधायक मौजूद थे. उन्होंने कहा कि उस पार्टी में महेंद्र भट्ट भी थे, जो आज बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और वे इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि वहां कोई गलत गतिविधि नहीं हुई थी.

गोदियाल ने यह भी दावा किया कि क्लब में जाने का प्रस्ताव खुद चैंपियन का था और उनके कहने पर ही वे वहां गए थे. उन्होंने कहा 24 साल बाद अगर कोई इस तरह के आरोप लगा रहा है तो यह उसकी मानसिकता को दर्शाता है.

controversy
चैंपियन-उमेश के झगड़े (ETV Bharat)

हरक सिंह रावत की प्रतिक्रिया: चैंपियन के आरोपों में नाम आने के बाद हरक सिंह रावत ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वे चैंपियन के बयानों पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते. रावत ने दो टूक कहा, 'अगर कोई और होता तो मैं जवाब देता, लेकिन जिनकी बातों में वजन न हो उन्हें जवाब देना मैं उचित नहीं समझता.' उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में एक तरह की चुप्पी में तंज के तौर पर देखा जा रहा है.

खानपुर की सियासत और पुरानी रंजिश: हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट हमेशा से राजनीतिक चर्चाओं में रही है. वर्तमान विधायक उमेश शर्मा और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच ये टकराव नया नहीं है. दोनों नेता एक दूसरे पर कई बार सार्वजनिक मंचों से आरोप लगा चुके हैं. बीते वर्षों में समर्थकों के बीच तनाव और कथित गोलीबारी की घटना ने इस रिश्ते को स्थायी दुश्मनी में बदल दिया. अब वायरल वीडियो ने उस आग को फिर हवा दे दी है. फिलहाल यह मामला आरोप प्रत्यारोप के दौर में है, लेकिन जिस तरह से वीडियो और बयान सामने आ रहे हैं, उससे साफ है कि यह विवाद अभी थमने वाला नहीं है.

पढ़ें---

Last Updated : February 25, 2026 at 8:32 PM IST