अंबिकापुर नगर निगम का अजब कारनामा, सीसी रोड सफेद दिख रहा था तो काला करने दोबारा बनवा दी सड़क
कांग्रेस का आरोप है कि कई जगह लोग सड़क को तरस रहे हैं लेकिन वहां रोड ना बनाकर सड़क के ऊपर सड़क बनाई जा रही.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 28, 2026 at 10:19 AM IST
सरगुजा: अंबिकापुर नगर निगम अपने नवाचार के लिए देश भर में पहचाना जाता है, लेकिन इस बार बड़ा ही अजब गजब सा नवाचार नगर निगम ने कर दिया है. एक तरफ शहर के कई इलाके सड़क के लिए तरस रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर निगम ने दो महीने पहले बनी सीसी सड़क पर दोबारा डामर की सड़क बना दी है. जिससे विवाद की स्थिति हो गई है. विपक्ष इसे आम जनता के पैसों का दुरुपयोग बता रहा है.
दो महीने पहली बनी सड़क पर फिर बनाई सड़क
दरअसल, ढाई लाख की लागत से अंबिकापुर के दर्रीपारा में गौरव पथ से लगी एक सीसी सड़क दो महीने पहले बनाई गई थी. इसके साथ ही पूरे मोहल्ले के लिए 37 लाख की लागत से डामरीकरण की भी स्वीकृति हुई. अब इस राशि से पार्षद ने बनी हुई सड़क के उपर सड़क बनावा दी और जब अब विपक्ष ने हंगामा किया तो पार्षद का जवाब भी हैरान करने वाला था.
क्षेत्र की महिलाओं के कहने पर रोड बनवाई गई. रोड सफेद दिख रहा था, महिलाओं ने कहा कि रोड का कुछ हिस्सा सफेद दिख रहा था. सौंदर्यीकरण के चक्कर में उस रोड को काला करवाने के लिए रोड पर एक पतली लेयर लगवा दिए है-ममता तिवारी, भाजपा पार्षद
विपक्ष ने लगाया पैसे बर्बाद करने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि यहां के स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि जो सड़क बनी हुई है इसमें से 50 प्रतिशत हिस्सा 2 महीने पहले ही सीसी रोड का निर्माण कराया गया था. उसी के ऊपर डामरीकरण का काम कराया गया है. यहां की सड़क और आगे जनप्रतिनिधि निवास तक रोड पूरी तरह ठीक है. लेकिन फिर भी उसमें भी डामरीकरण का काम कराया गया है. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अंबिकापुर शहर में अलग-अलग वार्ड में बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं. वहां पर डामरीकरण रिन्यूल का काम तो दूर पैच रिपेयर का काम भी नहीं हो सका है.

जिन सड़कों में सीसी रोड का निर्माण हुआ और उसी में फिर से डामरीकरण का काम होना भेदभाव और पैसे का दुरुपयोग है. इसकी जांच की मांग करेंगे- शफी अहमद, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम
नगर निगम आयुक्त ने कहा जांच होगी
वहीं नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है. आयुक्त ने कहा की सीसी सड़क पर दोबारा सड़क बनाने का मामला उनके संज्ञान में आया है. इस मामले में एक टीम का गठन कराया जाएगा, जो मौके पर जाकर देखेगी और रिपोर्ट देगी.


