शटडाउन से पहले बिजली के पोल पर चढ़ा लाइनमैन, 11 हजार वोल्ट का करंट लगने से मौत
नैनीताल में बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से संविदा कर्मी की मौत हो गई.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 23, 2026 at 3:49 PM IST
रामनगर: नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में बिजली की लाइन ठीक करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में संविदा कर्मी 25 वर्षीय चंद्रभान की करंट लगने से मौत हो गई. हादसे के बाद बिजली विभाग और मृतक के परिजनों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक चंद्रभान निवासी धमोला कालाढूंगी, बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में ठेकेदारी के तहत कार्य करता था. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह गैबुआ क्षेत्र में बिजली की लाइन में खराबी आ गई थी, खराबी को ठीक करने के लिए चंद्रभान बिजली के पोल पर चढ़ा हुआ था. इसी दौरान वह पोल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया.
करंट लगने के बाद चंद्रभान पोल से नीचे गिर गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मामले को लेकर बिजली विभाग के जेई मनोहर सिंह ने बताया कि, हादसा शटडाउन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले कर्मचारी के पोल पर चढ़ जाने के कारण हुआ. उनके अनुसार नीचे मौजूद कर्मचारी शटडाउन लेने की प्रक्रिया में था. लेकिन उससे पहले ही चंद्रभान पोल पर चढ़ गया. इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से संपर्क हो गया और करंट लगने के बाद वह नीचे गिर गया.
पुलिस का कहना है कि, हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. शव का पोस्टमॉर्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
हादसे के बाद एक बार फिर बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा और शटडाउन प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. बिजली की हाईटेंशन लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन कितना जरूरी है, यह हादसा इसकी गंभीरता को सामने लाता है. फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की कार्रवाई जारी है.
पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-सुशील कुमार, कोतवाल, कालाढूंगी-
ये भी पढे़ें:

