फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर लगातार एक्शन जारी, पीला पंजे ने अतिक्रमण किया ध्वस्त, अधिकारी बोले- आगे भी होगी कार्रवाई
फरीदाबाद के नेशनल हाईवे-19 के किनारे अवैध निर्माण को जिला टाउन प्लानिंग विभाग (DTP) ने ध्वस्त कर दिया.

Published : February 18, 2026 at 9:11 PM IST
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में बुधवार को नेशनल हाईवे-19 पर डीटीपी इंफोर्समेंट ने बड़ी कार्रवाई की. अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत विभाग का पीला पंजा जमकर चला. डीटीपी इंफोर्समेंट की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कई अवैध रूप से बने बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस और कार्यालयों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की.
पहले ही प्रशासन दे चुका है नोटिसः प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. टीम ने नेशनल हाईवे-19 के आसपास लंबे समय से संचालित हो रहे अवैध निर्माणों को चिन्हित किया था. अधिकारियों के अनुसार संबंधित मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे और अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए समय दिया गया था. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी निर्माण नहीं हटाए जाने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए जेसीबी मशीनों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की.
बिना वैध अनुमति के बनाए परिसरों को किया ध्वस्तः मौके पर डीटीपी इंफोर्समेंट के अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट यजन चौधरी मौजूद रहे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि "ये कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई है. जिन बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस और कार्यालयों को तोड़ा गया है, वे बिना वैध अनुमति के बनाए गए थे." बता दें कि अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा था कि अगर कहीं भी कानून के खिलाफ कोई निर्माण किया गया हो या निर्माण हो रहा हो तो उसको तोड़ दिया जाएगा, इसलिए कोई भी व्यक्ति अवैध निर्माण का हिस्सा ना बनें.
बैंक्वेट हॉल में चल रहा था शादी समारोह, वापस लौटी टीमः हालांकि एक बैंक्वेट हॉल पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, क्योंकि वहां उस समय शादी समारोह चल रहा था. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समारोह समाप्त होने के बाद उस निर्माण पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि नेशनल हाईवे और उसके आसपास किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

