ETV Bharat / state

UP की सड़क पर द बर्निग व्हीकल: बरेली में धू-धू कर जला कंटेनर, फिरोजाबाद में लपटों के लपेटे में टेंपो

बरेली के शेरगढ़ रोड तिराहे के पास अफरा-तफरी, आग की वजह से लगा लंबा जाम.

container burnt ashes bareilly loader engulfed flames firozabad
यूपी में दौड़े बर्निग व्हीकल. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 10:21 AM IST

|

Updated : February 21, 2026 at 11:30 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली/फिरोजाबाद: बरेली और फिरोजाबाद में शुक्रवार को वाहनों में आग लगने की दो घटनाएं हुईं. बरेली बहेड़ी के शेरगढ़ रोड तिराहे के पास कंटेनर में अचानक आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा कंटेनर धू-धू कर जलने लगा और हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया. वहीं, फिरोजाबाद में एक टेंपो में आग लग गई.

बरेली में अचानक कंटेनर के केबिन से उठा धुआं: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर नैनीताल रोड हाईवे से गुजर रहा था, तभी अचानक केबिन से धुआं उठने लगा. चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए साइड की खिड़की तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कंटेनर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था. फायर ब्रिगेड प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों और चालक ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. वहीं कोतवाल पवन कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया. प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.

फिरोजाबाद में टेंपो जला: जनपद के मक्खनपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर साथी पुल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा की ओर जा रहा एक टेम्पो अचानक आग का गोला बन गई. घटना के समय वाहन में करीब 16 यात्री सवार थे. गनीमत रही कि सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना पर मौके पर जिले की दो दमकल गाड़ियों के साथ फायर टीम पहुंची. आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.लगभग 30 से 40 मिनट की कड़ी कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका. इस दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और जाम जैसी स्थिति बन गई.

ये भी पढ़ेंः बनारस के 53 घाटों पर फैला भारत का भूगोल: देश के अलग-अलग राजाओं की विरासत की दास्तान सुनाते घाट

Last Updated : February 21, 2026 at 11:30 AM IST