उपभोक्ता आयोग ने मैकडॉनल्ड्स के एमडी, अभिनेता रणवीर सिंह व कार्तिक आर्यन सहित चार को जारी किया नोटिस
खाद्य सुरक्षा टीम को गत दिनों मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान दूषित खाद्य तेल में फ्रेंच फ्राइज व नॉनवेज खाद्य सामग्री बनाते हुए मिली.

Published : February 24, 2026 at 9:09 PM IST
जयपुर: जिला उपभोक्ता आयोग, जयपुर-द्वितीय ने शहर के गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट में हानिकारक तेल में खाद्य सामग्री बनाने से जुडे़ मामले में मैकडॉनल्ड्स के एमडी राजीव रंजन, ब्रांड एम्बेसडर फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह व कार्तिक आर्यन सहित प्रबंधक संभव भारद्वाज को नोटिस जारी किए हैं. आयोग ने इनसे 23 मार्च तक जवाब देने के लिए कहा है. आयोग के अध्यक्ष ग्यारसी लाल मीणा ने यह आदेश गौरव तिवाड़ी के परिवाद पर दिए.
परिवादी गौरव तिवाड़ी ने परिवाद में कहा कि गत 9 फरवरी को खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की टीम ने मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान टीम को वहां पर दूषित खाद्य तेल में फ्रेंच फ्राइज व नॉनवेज खाद्य सामग्री बनाते हुए मिली. जिस खाद्य तेल का उपयोग किया जा रहा था, उसका टीपीसी स्तर 28 व 31 पाया गया. वैधानिक टीपीसी सीमा 25 तय है. विशेषज्ञों के अनुसार 25 से ज्यादा टीपीसी वाला तेल विषाक्त है.
पढ़ें: सलमान खान को उपभोक्ता आयोग से बड़ी राहत, गिरफ्तारी वारंट पर रोक
यह तेल कैंसर व हार्ट की बीमारी के लिए भी प्रमुख कारण बनता है. इसके बावजूद भी मैकडॉनल्ड्स अपने भ्रामक प्रचार-प्रसार के जरिए अपने प्रॉडक्ट को बेच रहा है. ऐसे में इसकी खाद्य वस्तुओं पर बेचने पर रोक लगाई जाए और इसे पाबंद किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो. परिवाद में गुहार की गई है कि प्रकरण में हुए मानसिक संताप को लेकर परिवादी को पचास लाख रुपए दिलाए जाए. जिस पर सुनवाई करते हुए आयोग ने मैकडॉनल्ड्स के एमडी व ब्रांड एम्बेसडर रणवीर सिंह व कार्तिक आर्यन सहित अन्य से जवाब मांगा है.

