मेड़ता रोड यार्ड में अंडर ब्रिज निर्माण: 24 मई को रेल यातायात प्रभावित, ये ट्रेन रहेगी रद्द
जोधपुर के मेड़ता रोड यार्ड में रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण के कारण 24 मई को ट्रेन यातायात प्रभावित रहेगा.

Published : May 6, 2026 at 7:30 PM IST
जोधपुर: उत्तर पश्चिम रेलवे के मेड़ता रोड यार्ड में समपार फाटक की जगह रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के चलते 24 मई को रेल यातायात प्रभावित रहेगा. इस कारण जोधपुर-जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन को दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप के लिए रद्द किया गया है, जबकि बाड़मेर-ऋषिकेश, रणकपुर, भोपाल और मरुधर एक्सप्रेस सहित 8 प्रमुख ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा.
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यह तकनीकी कार्य यात्रियों की दीर्घकालिक सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है. कार्य के चलते एक दिन के लिए ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव रहेगा. इसके लिए नए रस्ते के स्टेशन पर ठहराव भी दिया गया है.
इसे भी पढ़ें- मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ट्रेन नंबर बदले, 1 मई से नए नंबर से चलेगी, कोच सरंचना भी बदली
- इंटरसिटी सुपरफास्ट रद्द: ट्रेन 22977/22978 जयपुर–जोधपुर–जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट 24 मई को दोनों ओर से एक-एक ट्रिप के लिए रद्द रहेगी.
इन ट्रेनों के बदले मार्ग
- 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर-लूनी-पाली मारवाड़-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा मार्ग से चलेगी. ठहराव लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर में रहेगा.
- 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 मई को भोपाल से रवाना होकर फुलेरा-अजमेर-मारवाड़ जंक्शन-जोधपुर मार्ग से संचालित होगी. इसका ठहराव अजमेर, मारवाड़ जंक्शन, पाली, लूनी में रहेगा.
- 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर-फलोदी-लालगढ़-बीकानेर मार्ग से चलेगी. फलोदी में ठहराव रहेगा.
- 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 23 मई को प्रस्थान, बीकानेर-लालगढ़-फलोदी-जोधपुर मार्ग से संचालित होगी. ठहराव फलोदी में रहेगा.
- 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 24 मई को बीकानेर-लालगढ़-फलोदी-जोधपुर मार्ग से चलेगी। ठहराव फलोदी में होगा.
- 14853 वाराणसी सिटी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस 23 मई को प्रस्थान, फुलेरा-अजमेर-मारवाड़ जंक्शन-जोधपुर मार्ग से संचालित होगी अजमेर, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़, लूनी में ठहराव होगा.
- 14087 दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस 24 मई को फुलेरा-अजमेर-मारवाड़ जंक्शन-जोधपुर मार्ग से चलेगी. इसका ठहराव अजमेर, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़, लूनी में होगा.
- 22632 बीकानेर-मदुरै अणुव्रत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 मई को बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-सीकर-जयपुर मार्ग से संचालित होगी. इसका ठहराव रतनगढ़, चूरू, फतेहपुर शेखावाटी, सीकर, रींगस में होगा.
यात्रियों के लिए सलाह: रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें और परिवर्तित मार्ग के अनुसार बोर्डिंग, डिबोर्डिंग की योजना बनाएं. संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए समय से पहले स्टेशन पहुंचें.
इसे भी पढ़ें- जोधपुर से चलने वाली समर स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे, काचीगुड़ा-भगत की कोठी रहेगी 14 मई को प्रभावित

