ETV Bharat / state

बरेली में घर के अंदर मिला सिपाही का शव, गले पर कसाव का निशान, परिजन बोले- हत्या की गई

सिपाही मनोज मौर्य की तैनाती अमरोहा में थी. हाल ही में तबादला मुरादाबाद हुआ था. शनिवार को ज्वाइन करना था.

सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत.
सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 4:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली : सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. सिपाही मनोज मौर्य का शव उनके ही घर में मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

सिपाही मनोज मौर्य मूल रूप से शेरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे. उनकी तैनाती अमरोहा जनपद में थी और हाल ही में उनका तबादला मुरादाबाद हुआ था. शनिवार को उन्हें नई तैनाती पर ज्वाइन करना था. कुछ समय पहले ही उन्होंने कैंफर स्टेट कॉलोनी में नया मकान बनवाया था और इन दिनों घर में सामान शिफ्ट करने का काम चल रहा था.

परिजनों के अनुसार मनोज की पत्नी ने फोन कर पहले हार्ट अटैक से मौत की जानकारी दी. जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने गले पर कसाव के निशान और जीभ बाहर निकली देखी. इस पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी.

इंस्पेक्टर सीबीगंज ने बताया, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.

शुरुआती जांच में आत्महत्या लग रहा है. बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. आशंका इस बात की भी है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो. नाराज होकर मनोज ने सुसाइड कर लिया.

यह भी पढ़ें : लखनऊ में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में UGC पर चुप रहे डॉ. दिनेश शर्मा, लोगों ने की जमकर नारेबाजी