ETV Bharat / state

​बुलंदशहर में नशे में राहगीरों से की अभद्रता; वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 30, 2026 at 4:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

​बुलंदशहर : स्याना कोतवाली क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में राहगीरों की गाड़ी में टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. जिसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है.

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)

स्याना कोतवाली क्षेत्र के गढ़ रोड पर एक पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में राहगीरों की गाड़ी में टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया. कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वायरल वीडियो में सिपाही नशे की हालत में और अभद्रता करता नजर आ रहा है. हालांकि ईटीवी भारत वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

इस दौरान मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी गई. जिसके बाद मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी अमित मलिक को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिये गये हैं.



​इस पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बताया कि 27 मई को सिपाही द्वारा अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने और बदसलूकी की सूचना प्राप्त हुई थी.

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता और प्राथमिक जांच को देखते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. सिपाही के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. एसएसपी ने साफ किया कि अनुशासनहीनता और जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें : बहराइच में शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने की मारपीट, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा, एसपी ने किया सस्पेंड