मिर्जापुर में सिपाही इरशाद खां गिरफ्तार, जिम की आड़ में चल रहे धर्मांतरण के खेल में था शामिल
मुख्य वांछित फरीद को खड़ंजाफाल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. इसके बाद सिपाही इरशाद खां पकड़ा गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 22, 2026 at 7:02 PM IST
मिर्जापुर : थाना कोतवाली देहात पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े मामले में छठवें आरोपी सिपाही को गिरफ्तार किया है. सिपाही की पहचान भदोही जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल इरशाद खां के रूप में हुई है. जिम की आड़ में धर्मांतरण का खेल चल रहा था. इसके साथ ही जिलाधिकारी ने 5 जिम को सील कर दिया है.
पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया, गुरुवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित मुख्य आरोपी फरीद को गिरफ्तार किया गया था. कुछ घंटे बाद ही हेड कांस्टेबल को भी गिरफ्तार कर लिया गया. कोतवाली देहात में दो अलग-अलग पीड़िताओं द्वारा तहरीर दी गई थी. उन्होंने गंभीर आरोप लगाया था. बताया था जिम में आरोपी दोस्ती करते थे. बाद में बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे.
पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया, इस मामले में मोहम्मद शेख अली आलम और फैजल खान को पहले गिरफ्तार किया गया है. इनके मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल साक्ष्य के आधार पर जहीर और शादाब को पकड़ा गया. आरोपियों के मोबाइल फोन में कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं.
जांच में सामने आया कि अभियुक्त जहीर केजीएन-1 जिम का मालिक है. केजीएन-2, केजीएन-3 और आयरन फायर जिम से भी अभियुक्त जुड़े रहे हैं. पीड़ित लड़कियां इन्हीं जिमों में जाती थीं. पुलिस ने शहर के पांच जिमों को सील कर दिया है. गुरुवार सुबह मुख्य वांछित आरोपी फरीद को खड़ंजाफाल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी इरशाद खां को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
अब तक गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शेख अली आलम (31), फैजल खान (34), जहीर (32), शादाब (36), फरीद अहमद (28), जीआरपी में हेड कांस्टेबल इरशाद खां (40) को पकड़ा गया है.
वहीं, जिला अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने धर्मांतरण के आरोप में सील किए गए पांचों जिम के संचालन पर रोक लगा दिया है. साथ ही अन्य जिम के आसपास लोगों की भीड़ न जुटने को कहा है. ऐसा पाया जाता है तो शांतिभंग की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. वहीं, मुख्य आरोपी इमरान अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. आरोपी इमरान का मिर्जापुर सोनभद्र एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह और बीजेपी जिला अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के साथ भी फोटो वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें : मथुरा में डिजिटल अरेस्ट कर दो करोड़ की ठगी करने वाले गिरफ्तार, महिला समेत पांच आरोपी पकड़े गए

