ETV Bharat / state

बीजेपी नेता मनीष चौहान को हत्या के मामले में फंसाने की साजिश; FIR दर्ज, पुलिस को नाहिद हसन की तलाश

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि थाना कांधला में प्राथमिकी दर्ज कर ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है.

Photo Credit: ETV Bharat
भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के पुत्र मनीष चौहान. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 4:18 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक सनसनीखेज ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. इस ऑडियो ने भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान के खिलाफ रची जा रही एक खतरनाक साजिश को बेनकाब कर दिया है.

सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये इस ऑडियो में भाजपा नेता को एक व्यक्ति की हत्या के झूठे मामले में फंसाने के प्लान का विवरण साफ तौर पर सुनाई दे रहा है. इस ऑडियो के सामने आते ही जिले की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.

जानकारी देते शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह. (Video Credit: ETV Bharat)

रोहित प्रधान की आईडी से ऑडियो रिलीज: मामला शामली के गांव जसाला निवासी भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के पुत्र मनीष चौहान से जुड़ा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर 'रोहित प्रधान' नाम की आईडी से एक ऑडियो प्रसारित हुआ है जिसमें दो व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे हैं. इनमें से एक व्यक्ति की पहचान नदीम के रूप में हुई है जो कैराना थाना क्षेत्र के ग्राम बराला का निवासी बताया जा रहा है. ऑडियो में अपराधी मानसिकता के ये लोग रोहित प्रधान नामक व्यक्ति की हत्या कर उसका इल्जाम मनीष चौहान पर डालने की योजना बना रहे हैं.

हत्या के बाद फंसाने की खतरनाक प्लानिंग: ऑडियो में बातचीत कर रहे लोग यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वे रोहित प्रधान की हत्या करेंगे और फिर एक वीडियो पोस्ट करेंगे. वे योजना बना रहे हैं कि हत्या के बाद मनीष चौहान को संदेश भेजा जाएगा कि "मनीष भाई तुम्हारा काम हो गया है, अब हमें पुलिस के सामने पेश करा दो". इस साजिश का उद्देश्य मनीष चौहान की राजनीतिक छवि को धूमिल करना और उन्हें कानूनी शिकंजे में कसना प्रतीत होता है. साथ ही इस ऑडियो में करोड़ों रुपये के अवैध धन इकट्ठा करने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की बातें भी की गई हैं.

नाहिद हसन और मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र: इस ऑडियो में कैराना विधायक नाहिद हसन का नाम भी बार-बार लिया गया है. साजिशकर्ता आपस में बात कर रहे हैं कि मनीष चौहान नाहिद हसन के खिलाफ एक मजबूत राजनीतिक दीवार बने हुए हैं. बातचीत के दौरान मुजफ्फरनगर दंगों का संदर्भ देते हुए क्षेत्र में दोबारा हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य फैलाने की कोशिशों का भी संकेत मिलता है. ऑडियो में नदीम नाम का व्यक्ति दावा कर रहा है कि नाहिद हसन किसी बड़े राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण ही जेल से बाहर आ सके हैं.

विवादों से घिरे रहे हैं भाजपा नेता मनीष चौहान: मनीष चौहान खुद भी हाल ही में एक बड़े विवाद का हिस्सा रहे थे. अभी कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा में आया था, जिसमें वे बिजली विभाग के जेई को धमकाते हुए नजर आए थे. उस वीडियो में उन्होंने सरेआम बिजली घर में आग लगा देने की धमकी दी थी जिसे लेकर उनकी काफी किरकिरी हुई थी. लेकिन अब खुद के खिलाफ हत्या की साजिश का ऑडियो सामने आने के बाद वे काफी डरे हुए नजर आ रहे हैं.

थाना कांधला में प्राथमिकी दर्ज: मनीष चौहान ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शामली पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपा है. उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि थाना कांधला में प्राथमिकी दर्ज कर ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ऑडियो में बात कर रहे व्यक्ति वर्तमान में कहां हैं और इस साजिश के पीछे किन बड़े राजनीतिक चेहरों का हाथ है.

यह भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में बनेगा BJP का नया हाईटेक ऑफिस; 10 मंजिला होगी इमारत, डिजिटल वॉररूम भी होगा