ETV Bharat / state

कानपुर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, टूटी सड़क पर कफन, फूल और अगरबत्ती लगाई

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन, प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संवेदनहीनता को उजागर किया. लोगों ने रामधुन गाया.

टूटी सड़क पर कफन, फूल और अगरबत्ती लगाई.
टूटी सड़क पर कफन, फूल और अगरबत्ती लगाई. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 9:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर : महानगर कांग्रेस ने टूटी सड़कों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया. जूही डिपो चौराहे पर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़े होकर श्रद्धांजलि दी.

सड़क पर बाकायदा कफन बिछाया गया, फूल और मालाएं चढ़ाई गईं, साथ ही अगरबत्ती और दीपक जलाकर शासन, प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संवेदनहीनता को उजागर किया गया. रामधुन गाते हुए लोगों ने सरकार को जगाने के लिए सत्याग्रह में भाग लिया.

कानपुर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन. (Video Credit; ETV Bharat)

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि आज पूरा कानपुर इन खूनी सड़कों से त्रस्त है. वर्तमान में होली और रमजान जैसे बड़े त्योहार हैं. बच्चों के बोर्ड एग्जाम भी शुरू हो चुके हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन को जनता की परेशानियों से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है. विशेषकर कानपुर दक्षिण का क्षेत्र जैसे जूही, बर्रा, किदवई नगर, यशोदा नगर और नौबस्ता पूरी तरह से त्राहिमाम कर रहा है.

फजलगंज, ट्रांसपोर्ट नगर, जाजमऊ और लालबंगला जैसे व्यापारिक केंद्रों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय बनी हुई है, जिससे आम जनमानस के साथ-साथ व्यापारियों और छात्रों को भयंकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, जनता से भारी टैक्स वसूलने के बावजूद उन्हें सही सड़कें तक नसीब नहीं हो रही हैं. सरकार ने स्मार्ट सिटी का वादा किया था, लेकिन हकीकत में कानपुर को खूनी गड्ढा सिटी बना दिया गया है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भी कोई वीआईपी शहर में आता है, तो केवल उनके प्रस्तावित रूट को जनता के टैक्स के पैसे से चमका दिया जाता है, जबकि बाकी शहर को गड्ढों के भरोसे छोड़ दिया जाता है. इन टूटी सड़कों की वजह से वाहनों में होने वाली टूट-फूट का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी गरीब मजदूरों और मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें : युवाओं को मिलेगा AI और डिजिटल दक्षता का वरदान, कौशल विकास मिशन ने 6 संस्थाओं के साथ किया MoU