MGNREGA को लेकर झारखंड कांग्रेस का हल्ला बोल, 3 जनवरी को सभी प्रमंडल मु्ख्यालय में करेंगे प्रेस कांफ्रेंस
कांग्रेस मनरेगा को लेकर एक साथ राज्य के सभी प्रमंडल मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताएगी क्यों मोदी सरकार ने नाम बदला है.

Published : January 2, 2026 at 8:05 PM IST
रांची: झारखंड की राजनीति में दो राष्ट्रीय पार्टियां कांग्रेस और भाजपा के बीच 'मनरेगा' और 'जी राम जी' को मुद्दा बनाने की होड़ है. इसी को लेकर 5 जनवरी को झारखंड कांग्रेस रांची में लोकभवन के सामने आक्रोश मार्च की घोषणा कर चुकी है. इससे पहले कांग्रेस पार्टी 3 जनवरी को राज्य के सभी प्रमंडल मुख्यालयों में संवाददाता सम्मेलन कर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी.
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इसके लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को प्रमंडलवार प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जिम्मेवारी सौंपी है. कुछ वरिष्ठ नेताओं को प्रमंडल से अलग जिलों में भी मनरेगा के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के निर्देश दिए गए हैं. राकेश सिन्हा ने कहा कि 5 जनवरी को जहां लोकभवन के समक्ष कांग्रेस का बड़ा धरना प्रदर्शन होगा, उससे पहले 3 जनवरी को पार्टी के राज्यस्तरीय वरिष्ठ नेतागण अलग-अलग प्रमंडलों में एक साथ संवाददाता सम्मेलन कर केंद्र की मजदूर विरोधी भाजपा सरकार पर हमला बोलेंगे.
राज्य पर अतिरिक्त बोझ समेत राष्ट्रपिता का अपमान वाली योजना है जी राम जी
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से नफरत करती है. उसे राज्य के गरीब जरूरतमंद मजदूरों का हित नहीं सुहाता है. इसलिए रोजगार की गारंटी देने वाली यूपीए सरकार की योजना को बंद कर एक ऐसी योजना लायी है, जो न केवल राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाली है, बल्कि यह राष्ट्रपिता को अपमानित करने वाली भी है. इसलिए कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी.
रांची में केशव महतो कमलेश तो जमशेदपुर में बन्ना गुप्ता करेंगे पीसी
राकेश सिन्हा ने बताया कि 3 जनवरी को रांची के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, जमशेदपुर में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, चाईबासा में वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बलमुचू, हजारीबाग में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, दुमका में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, धनबाद में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, गुमला में सांसद सुखदेव भगत, गोड्डा में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पलामू में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी संवाददाता सम्मेलन कर मनरेगा को केंद्र में रखकर भाजपा सरकार पर हल्ला बोलेंगे.
ये भी पढ़ें: VB-G RAM G कानून के खिलाफ वामदलों का प्रदर्शन, कहा- अधिकार आधारित रोजगार खत्म करने की साजिश
मनरेगा का सिर्फ नाम बदला या बहुत कुछ बदल गया? झारखंड में वीबी जी राम जी का क्या होगा असर

