ETV Bharat / state

उदयभानु की गिरफ्तारी का मामला: जयपुर में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, गहलोत व डोटासरा ने की निंदा

AI समिट में अर्धनग्न प्रदर्शन के मामले में दिल्ली की अदालत ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को चार दिन की पुलिस हिरासत में सौंपा.

AI Summit Controversy
युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 3:27 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: AI समिट में अर्धनग्न प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर जहां कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने अपना विरोध दर्ज करवाया है और कई जगह धरने-प्रदर्शन भी हुए, वहीं राजधानी जयपुर में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में अर्धनग्न प्रदर्शन किया और धरना दिया. केंद्र सरकार की निंदा करते हुए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है. युवा कांग्रेस के साथियों ने सत्ता के खिलाफ निडर होकर देशहित में आवाज उठाई है. अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते में हमारे किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और डेटा सुरक्षा के हितों से समझौता किया गया है.

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने काफी देर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. कांग्रेस कार्यकर्ता शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित हुए थे और नारेबाजी करते हुए भाजपा मुख्यालय की तरफ बढ़ने लगे, जहां पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया. इससे नाराज युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने लगे. काफी देर तक युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किए थे.

जयपुर में प्रदर्शन करते कार्यकर्ता (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें:AI समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन, पीएम मोदी के खिलाफ लगाए नारे

रिहा नहीं किया तो करेंगे उग्र आंदोलन: इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब जिस तरीके से देश के नौजवानों की आवाज उठा रहे थे. भारत की सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है, उसकी आवाज उठाना गलत है क्या? संविधान में कहां लिखा हुआ है कि आप अपनी आवाज नहीं उठा सकते? महात्मा गांधी भी जब क्रांति लेकर आए थे, उनके शरीर पर भी कपड़ा नहीं था और वे पूरे देश में क्रांति लेकर आए थे. पूनिया ने कहा कि जिस तरह से उन्हें गिरफ्तार किया गया है, उससे साफ है कि भाजपा सरकार युवाओं की आवाज को कुचलना चाहती है. ट्रेड डील के माध्यम से अमेरिका के सामने झुककर किसानों को ठगा महसूस कराना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. युवा कांग्रेस कार्यकर्ता इसकी कड़ी निंदा करती है और कड़ा विरोध करती है. पूनिया ने कहा कि आने वाले समय में उग्र आंदोलन भी करना पड़ा तो भी इससे पीछे नहीं हटेंगे. राजस्थान के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर आंदोलन करेंगे. उन्होंने कहा कि चिब पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. क्या उन्होंने कोई देशद्रोह का काम किया है? उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग करके मोदी सरकार संविधान को खत्म करना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान उन्होंने भी प्रदर्शन किए थे, पर आज वही सत्ता सच को दबाने के लिए तानाशाही और कायरता का परिचय दे रही है. युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी इसका प्रमाण है. हम अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं. सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि सच्ची देशभक्ति है. डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं.

गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा प्रहार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना तानाशाही और लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है. यह गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है. मोदी सरकार को यह याद रखना चाहिए कि संविधान ने नागरिकों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार दिया है. विरोध और असहमति को अपराध बताकर लोकतंत्र को कमजोर करने वाली सत्ता तानाशाही का परिचय दे रही है. जनता की आवाज को जितना दबाया जाएगा, वह उतनी ही बुलंद होकर उठेगी. कांग्रेस का कार्यकर्ता डरेगा नहीं, पूरी ताकत के साथ लड़ेगा.