उजड़े आशियानों के बीच पहुंची कांग्रेस, नकटी में भूपेश बघेल और दीपक बैज का शक्ति प्रदर्शन, सरकार पर गरीब विरोधी होने का आरोप
नकटी गांव में बुलडोजर एक्शन के बाद कांग्रेस ने मोर्चा संभाला है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल और दीपक बैज ने साय सरकार पर हमला बोला.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 30, 2026 at 10:52 PM IST
रायपुर: नकटी गांव में बुलडोजर की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सियासत गांव की गलियों तक पहुंच गई. जिन परिवारों के घर मलबे में तब्दील हुए, उनके बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पहुंचे. आंसुओं के बीच नेताओं ने ग्रामीणों का दर्द सुना, सरकार को गरीब विरोधी बताया और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ने का भरोसा दिया. दूसरी ओर सरकार पुनर्वास का दावा कर रही है, लेकिन नकटी अब सिर्फ बेदखली का नहीं, बल्कि बड़े राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया है.
पीड़ितों का दर्द सुनने पहुंचे बड़े नेता
नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के बाद कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय नजर आई. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन मौजूद रहे. इनके अलावा वरिष्ठ नेता राजेन्द्र पप्पू बंजारे प्रभावित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे. नेताओं ने मलबे के बीच बैठे परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी.

गरीबों के घर तोड़कर विधायकों की कॉलोनी क्यों- दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नकटी में गरीबों के घर उजाड़े जाने का पुरजोर विरोध करती है. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने करीब 40 वर्षों से यहां अपने घर बसाए, उन्हें उजाड़ना अन्याय है. बैज ने सवाल उठाया कि जब नया रायपुर में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है और उद्योगों के लिए बड़े पैमाने पर जमीन आवंटित की जा सकती है, तो विधायक कॉलोनी वहीं क्यों नहीं बनाई गई?. उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें सम्मानपूर्वक नया मकान बनाकर दिया जाए.

भूपेश बघेल का सरकार पर बड़ा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार की कार्रवाई को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि इस कार्रवाई से कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए. उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों पर होने वाला अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करेगी. कांग्रेस हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी.

नकटी बना सियासी रणक्षेत्र
एक ओर जिला प्रशासन दावा कर रहा है कि पात्र परिवारों का पुनर्वास नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित आवासों में किया जा रहा है. दूसरी ओर कांग्रेस इस कार्रवाई को गरीबों के साथ अन्याय बताते हुए सरकार को लगातार घेर रही है. नकटी गांव अब केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह सरकार और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक संघर्ष का नया केंद्र बन चुका है.

नकटी गांव में टूटे घरों का मलबा अभी पूरी तरह साफ भी नहीं हुआ है, लेकिन सियासत अपने चरम पर पहुंच चुकी है. एक तरफ सरकार पुनर्वास और न्याय का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे गरीबों के साथ अन्याय बताकर आंदोलन की चेतावनी दे रही है. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रभावित परिवारों को सिर्फ नया घर मिलेगा, या उनके मन में उठे सवालों का जवाब भी मिलेगा?.


