ETV Bharat / state

कंबल वितरण में पूर्व सांसद पर भेदभाव के आरोप, पायलट, डोटासरा व जूली ने जमकर साधा निशाना

इस मामले को लेकर अब सियासी पारा भी चढ़ गया है. कांग्रेस नेताओं ने जमकर इसका विरोध किया है.

टोंक में कंबल वितरण में भेदभाव
टोंक में कंबल वितरण में भेदभाव (@JaunapuriaSS)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 23, 2026 at 1:02 PM IST

|

Updated : February 23, 2026 at 2:50 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : टोंक-सवाई माधोपुर से लगातार दो बार सांसद रहे भाजपा नेता सुखबीर सिंह जौनपुरिया की ओर से रविवार को निवाई विधानसभा क्षेत्र के गांव में कंबल वितरण के दौरान समुदाय विशेष की महिलाओं से कंबल वापस लेने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है. कांग्रेस नेता सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े नेताओं ने भी पूर्व सांसद के इस कृत्य की निंदा की है. इस मामले को लेकर अब सियासी पारा भी चढ़ गया है. वहीं, सोमवार को कुरेड़ा बुजुर्ग गांव में लोगों ने सुखबीर सिंह जौनापुरिया मुर्दाबाद के नारे लगाए और गांव के चौक पर जौनापुरिया का पुतला जलाया.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मामले को लेकर पूर्व सांसद की आलोचना करते हुए भाजपा पर सवाल खड़े किए हैं. डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीति एवं RSS की विचारधारा नफरत, ध्रुवीकरण और बांटने की हो तो जमीनी स्तर पर BJP नेताओं का ऐसा घटिया बर्ताव सामने आना आश्चर्य की बात नहीं है.

स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश (ETV Bharat Tonk)

गरीब की कोई जात-बिरादरी नहीं होती, लेकिन नफरत की राजनीति को हमेशा एक दुश्मन चाहिए होता है. इसी बीच भाजपा बार-बार राजस्थान का सौहार्द बिगाड़ने और आपस में बांटने का षड्यंत्र करती रही है, लेकिन राजस्थान का आपसी प्रेम व परंपरा इस विभाजनकारी सोच को कभी स्वीकार नहीं करेगा. टोंक के पूर्व सांसद पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया की ओर से समुदाय विशेष की गरीब महिला से कंबल वापस लेना एवं अपमानजनक व्यवहार करना शर्मनाक और घोर निंदनीय है.

पढ़ें. जौनपुरिया बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम, ये गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पाए

सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि BJP और RSS की मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनाओं की व्याख्या में करुणा की बजाय नफरत झलकती है. एक गरीब, जरूरतमंद महिला को कंबल देने से वंचित करना और उसका अपमान करना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है. किसी भी आधार पर भेदभाव करना न केवल नैतिक रूप से गलत है, बल्कि संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन भी है. दो बार सांसद रह चुके और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया से अपेक्षा थी कि वे मानवीय संवेदनशीलता दिखाते.

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा के पूर्व सांसद ने कंबल वितरण करके समुदाय विशेष की एक गरीब महिला से कंबल वापस लिया. रविवार को टोंक जिले के निवाई तहसील के ग्राम करेड़ा बुजुर्ग में पूर्व टोंक सांसद सुखवीर सिंह जौनपुरिया पहुंचे थे, जहां उन्होंने कंबल वितरण के दौरान समुदाय विशेष की महिला को पहले कंबल वितरण करके फिर वापिस ले लिया. ग्रामीणों ने सांसद की इस कार्यशैली का विरोध किया तो उन्होंने धमकी तक दे डाली. ग्रामीणों ने भेदभाव पर कड़ा ऐतराज जताया, एक जनप्रतिनिधि जो सांसद जैसे पद पर विराजमान रहा हो वो इस तरह की हरकत करें ये बिल्कुल निंदनीय है.

जो किया वह सही किया : जौनापुरिया ने धर्म विशेष के लोगों को कंबल वितरण के दौरान वहां से हटा देने व उन्हें कंबल नहीं बांटे जाने के स्टैंड को सही बताया. जौनापुरिया ने कहा कि धर्म विशेष के लोग मोदी विरोधी हैं. वे उन्हें लेकर अनर्गल टिप्पणियां भी करते रहते हैं. ऐसा नहीं है कि सभी हिंदू भाजपा के समर्थक हैं, लेकिन क्या धर्म विशेष के लोग पीएम मोदी की किसी रैली में जाना चाहेगें? जौनापुरिया ने कहा वे अपनी रसोई से भोजन वितरण व स्कूलों में विद्यार्थियों को बांटे जानी वाली सामग्री में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करते हैं, लेकिन उन्होंने यहां जो किया वह सही है.

Last Updated : February 23, 2026 at 2:50 PM IST