ETV Bharat / state

हरियाणा में भर्ती, महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

हरियाणा में कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल कीमतों के विरोध में रोष मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपा.

Congress Protest in haryana
हरियाणा में कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 20, 2026 at 2:24 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कुरुक्षेत्र/सिरसा/नूंह: पूरे हरियाणा में में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया. कुरुक्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंचायत भवन से लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. इसके साथ ही सिरसा और नूंह में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल रहे.

"पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा": थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, "लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं के रद्द होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. युवा दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर रद्द होने से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है. सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है."

Congress Protest in haryana
कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन (ETV Bharat)

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर जताई चिंता: प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा. कांग्रेस नेता ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि, "महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.हर रोज बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने में विफल साबित हो रही है. कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी."

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन (ETV Bharat)

रोजगार और CET परीक्षा पर सरकार को घेरा: अशोक अरोड़ा ने मीडिया से बातचीत के दौरान आगे कहा कि, "भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए. पिछले दो वर्षों में केवल एक CET परीक्षा हुई और उसकी भर्ती प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी." वहीं, जिला अध्यक्ष मेवा सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय कच्ची नौकरियों की ओर धकेल रही है. पुलिस भर्ती सहित कई विभागों में लंबे समय से भर्तियां नहीं निकाली गई हैं, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है."

सिरसा में कांग्रेस का प्रदर्शन: वहीं, सिरसा में भी पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने जिला मुख्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. जिला लघु सचिवालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा. प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने किया. इस दौरान जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा कि, "केंद्र सरकार लगातार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है. बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े बड़े वादे किए थे लेकिन आज देश में पेट्रोल डीजल रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं."

नूंह में कांग्रेस का हल्लाबोल: इसके अलावा नूंह जिले में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि देश की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है, जिससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है. पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है.

ये भी पढ़ें:पेट्रोल-डीजल संकट, पेपर लीक और बेरोजगारी पर शैलजा का भाजपा पर हमला, बोलीं- "जनता परेशान, दिखावे की राजनीति कर रही BJP"