ETV Bharat / state

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 फतह करने की तैयारी, कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आगाज

कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प अभियान का आगाज, कुमाऊं एवं गढ़वाल को 4 जोन में बांटा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

Congress Parivartan Sankalp Sammelan
टनकपुर में जोश में लबरेज नजर आए कांग्रेसी कार्यकर्ता (फोटो सोर्स- X@INCUttarakhand)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 28, 2026 at 5:45 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

चंपावत/देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 में वापसी को लेकर कांग्रेस संगठन जुट चुका है. इसी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल चंपावत विधानसभा के टनकपुर पहुंचे. जहां उन्होंने परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के माध्यम से जीत की हुंकार भरी. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनमें जोश भरा और जीत का मंत्र फूंकने का काम किया.

कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प अभियान का आगाज: दरअसल, कांग्रेस का उत्तराखंड में आज यानी 28 जून से परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू हो गया है. पार्टी ने पहले चरण में पहाड़ की 10 सीटों और जिलों पर विशेष फोकस करते हुए अभियान को चार अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा है. जिसकी कमान चार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है. इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल टनकपुर पहुंचे.

उन्होंने आगामी 2 जुलाई तक चलने वाले पहले चरण के तहत टनकपुर में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न राजनीतिक सामाजिक एवं संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की. गणेश गोदियाल का कहना है कि यह अभियान कार्यकर्ताओं में उत्साह समर्पण और परिवर्तन की नई ऊर्जा प्रदान करेगा.

"इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य में बीजेपी सरकार की जन विरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को जनता के बीच ले जाकर बेनकाब करना है. इस राज्यव्यापी जन जागरूकता अभियान के तहत कांग्रेस के सभी बड़े नेता पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में जाकर बीजेपी की जन विरोधी नीतियों को उजागर करेंगे."- प्रतिमा सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता, उत्तराखंड

"यही वजह है कि इस अभियान का मुख्य नारा परिवर्तन ही संकल्प पर रखा गया है. इस अभियान के जरिए पलायन, भू कानून, मूल निवास, भ्रष्टाचार, अंकिता भंडारी प्रकरण आदि को भी सीधे जनता के बीच जाकर प्रमुखता से उठाया जाएगा."- प्रतिमा सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता, उत्तराखंड

कुमाऊं एवं गढ़वाल को 4 जोन में बांटा: बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के रण को विजय करने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि कांग्रेस 2027 में वापसी को लेकर जनता के बीच उतर चुकी है. कुमाऊं एवं गढ़वाल को 4 जोन में बांटा गया है. जिसमें पहला जोन में चंपावत, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जिले रखे गए हैं. जिसकी कमान वो खुद संभाल रहे हैं.

Congress Parivartan Sankalp Sammelan
टनकपुर में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन (फोटो सोर्स- X@INCUttarakhand)

दूसरे जोन में नैनीताल, अल्मोड़ा, तीसरे में पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और चौथे जोन में टिहरी एवं उत्तरकाशी जिले को रखा गया है. पहले जोन में वे खुद, क्षेत्रीय विधायक, पूर्व विधायक शामिल रहेंगे. जबकि, दूसरे जोन में करन माहरा और वहां के प्रमुख कांग्रेसी नेता शामिल होंगे. तीसरे जोन की कमान हरक सिंह रावत एवं उनकी टीम संभालेगी. वहीं, चौथे जोन में प्रीतम सिंह एवं वहां के अन्य नेता इस अभियान की कमान संभालेंगे.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा इन चारों जोन में बारी-बारी से प्रतिभाग करने का काम करेंगे. कांग्रेस पहले इस अभियान के तहत कुमाऊं-गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्र को कवर करने के बाद तराई इलाके देहरादून, हरिद्वार एवं उधम सिंह नगर को कवर करेगी.

गणेश गोदियाल ने कहा कि आने वाले 10 जुलाई तक कांग्रेस पर्वतीय विधानसभाओं को अपने इस अभियान के तहत कवर कर लेगी. जबकि, 15 जुलाई से तराई के देहरादून से उधम सिंह नगर जिलों तक विधानसभाओं को कवर करने का काम करेंगे. इस अभियान के तहत कांग्रेस अपनी बातें अपने संकल्प एवं प्रदेश को आगे बढ़ाने को लेकर जो इरादे हैं, उनको लेकर जनता के बीच जाएगी.

ये भी पढ़ें-