अलीगढ़ में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम बोले- रीजनल पार्टियों का दौर खत्म, BJP विरोधियों को तोड़ती है
कहा-कांग्रेस फिर से मजबूती की ओर बढ़ रही है और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित कर रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 1:59 PM IST
अलीगढ़ : कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को अलीगढ़ में कहा कि देश में क्षेत्रीय दलों का दौर लगभग समाप्त हो चुका है और इसके पीछे भाजपा की राजनीति जिम्मेदार है. उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी राजनीतिक दल भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ा होता है, उसे तोड़ने की कोशिश की जाती है. कांग्रेस अब फिर से मजबूती की ओर बढ़ रही है और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित कर रही है.
अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकतों में से एक रही है और आधुनिक भारत के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. एक समय ऐसा जरूर आया था जब कांग्रेस कमजोर हुई, लेकिन अब वह दौर बीत चुका है और पार्टी लगातार अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने में जुटी हुई है.
कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सीधे लोगों के बीच पहुंच रही है. नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और सीबीएसई से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी लगातार छात्रों की आवाज उठा रही है. राहुल गांधी ने हाल ही में कोटा में छात्रों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया है और कांग्रेस युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है.
संगठन विस्तार को लेकर कहा कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अगले एक महीने के भीतर प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की नई घोषणाएं की जाएंगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से लगातार संवाद कर रही है और जनता के सुझावों के आधार पर ही अपने मुद्दे और घोषणा पत्र तैयार करेगी.
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगातार दबाव बढ़ा है. धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने जैसी परिस्थितियां बनाई जा रही हैं और मीडिया भी खुलकर सवाल नहीं पूछ पा रहा है. उनका आरोप था कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव का माहौल है और इससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है.
मायावती से मुलाकात नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब वही बेहतर दे सकती हैं. वह स्वयं अंबेडकर मिशन से निकले हैं और मायावती भी उसी विचारधारा से जुड़ी रही हैं. दोनों को कांशीराम ने राजनीतिक प्रशिक्षण दिया था.
यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में असंतोष का माहौल है और लोग वर्तमान सरकार से बदलाव चाहते हैं. पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को संविधान के दायरे में रहकर काम करना चाहिए और किसी भी स्थिति में कानून तथा न्यायपालिका से ऊपर नहीं जाना चाहिए. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शिक्षकों और छात्रों के साथ भी संवाद कार्यक्रम में भाग लिया.

