नकटी गांव में बुलडोजर एक्शन पर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया और लोगों को उकसाया: केदार कश्यप
कांग्रेस ने भ्रम फैलाया की पूरे नकटी गांव को उजाड़ा गया है, जो कि गलत है. आज भी वह जमीन राजस्व विभाग के पास है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 6, 2026 at 6:00 PM IST
रायपुर: नकटी गांव में हुए बुलडोजर एक्शन पर सियासत जारी है. मंत्री केदार कश्यप ने आज एकात्म परिसर में इस मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेंस की. केदार कश्यप ने कहा कि 29 जून को नकटी गांव के एक वार्ड को खाली कराया गया है, जहां पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर रखा था. अतिक्रमण किए परिवारों को सरकार के द्वारा व्यवस्थापन किया गया है. मंत्री ने बताया कि उनको नया रायपुर में मकान भी उपलब्ध कराया गया. लेकिन कांग्रेस ने एक भ्रम यह भी फैलाया की पूरे नकटी गांव को उजाड़ा गया है जो कि गलत है. आज भी वह जमीन राजस्व विभाग के पास है.
कांग्रेस ने भ्रम फैलाया और लोगों को उकसाया: केदार कश्यप
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस ने सेरीखेड़ी में सैकड़ो लोगों को घर से बेघर कर दिया था और ना ही उन्हें विस्थापित किया गया. जिला प्रशासन के द्वारा नकटी में विधि सम्मत कार्रवाई कि गई तो कांग्रेस ने वहां पर लोगों को भड़काने का काम किया. नकटी गांव में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन करने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे.
वह जमीन आज भी राजस्व विभाग के पास है.कांग्रेस ने एक भ्रम यह भी फैलाया की पूरे नकटी गांव को उजाड़ा गया है. लेकिन यहां पूरी तरह से गलत है. पूरे नकटी ग्राम में 17 वर्ड आते हैं. इन 17 वार्डों में से केवल एक वार्ड जहां पर अतिक्रमण किया गया था. उन्हें खाली कराकर नया रायपुर में व्यवस्थापन किया गया है: केदार कश्यप, वन मंत्री
सेरीखेड़ी का उठाया मंत्री ने मुद्दा
मंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार के समय में बलपूर्वक सेरीखेड़ी में सैकड़ों परिवारों को हटाया गया था. तब किसी भी परिवार का व्यवस्थापन नहीं किया गया. नकटी गांव में जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने पूरे संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नकटी के अतिक्रमणकारियों को हटाकर नया रायपुर में व्यवस्थापन करने का काम करते हुए मकान की चाबी सौंपी तो कांग्रेस को मिर्ची लग रही है.
कांग्रेस पर राजनीतिक षडयंत्र करने का आरोप
केदार कश्यप ने कहा, पिछली सरकार में कांग्रेस ने सेरीखेड़ी में जिस तरीके से कार्रवाई की थी, उससे हटकर विष्णुदेव सरकार ने पूरे संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन ग्रामीणों को विस्थापित करने का काम किया है. नकटी के ग्रामीणों को जब नया रायपुर में विस्थापित किया गया तो कांग्रेस पार्टी ने उन्हें भड़काकर सरकार को बदनाम करने का घिनौना षड्यंत्र चालू किया. राजनीतिक मुद्दे की दृष्टि से कांग्रेस ऐसी कोशिश करने लगी की सरकार उनके लिए कुछ नहीं कर रही.

