स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस चलाएगी हस्ताक्षर अभियान, कोरबा में पूर्व मंत्री बोले- प्रदेश भर में करेंगे आंदोलन
स्मार्ट मीटर और महंगाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी सरकार को घेरा, कहा- समस्याओं से निपटने के लिए कोई विजन नहीं

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 31, 2026 at 8:47 PM IST
कोरबा: प्रदेश भर में बिजली की दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर योजना का विरोध कांग्रेस कर रही है. सोमवार को कोरबा के टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में भी इसे लेकर बड़ा आंदोलन करने की बात कही गई. पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने पत्रकारों के सामने आगे की रणनीति साझा की. नोवेल वर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में प्रेस वार्ताओं का आयोजन करने के बाद कांग्रेस जनता के बीच जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी. इसके बाद प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा.
एक हजार देकर 5 हजार ले रही सरकार- कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में महंगाई अपने चरण पर है, सरकार एक तरफ जहां महतारी वंदन के नाम पर एक 1000 प्रति महीना महिलाओं के खाते में दे रही है, तो बदले में 5000 तक वापस खींच ले रही है. फिर चाहे वह दाल, शक्कर और चावल के दम हो या फिर अन्य सामग्रियों के दाम. सभी के दाम काफी बढ़ चुके हैं.
कई मुद्दों पर जय सिंह अग्रवाल ने घेरा
कोरबा के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने महंगाई और खास तौर पर स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार की आलोचना की साथ ही जिले में सड़कों की बदहाली के लिए निगम के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि निगम के पास कोई प्लानिंग नहीं है. बिना प्लानिंग के काम किया जा रहा है.
स्थानीय मंत्री और महापौर के पास समस्याओं से निपटने के लिए कोई विजन नहीं है. जिले की शराब दुकानों में ओवर रेट वाली शराब बेची जा रही है. लगातार इसमें अवैध वसूली और कमीशनखोरी चल रही है.- जय सिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री
'संसाधनों का दोहन हो रहा लेकिन सुविधा नहीं मिल रही'
सड़कों की बदहाली और जल भराव की समस्या के लिए सार्वजनिक उपक्रम एसईसीएल और बालको को भी पूर्व मंत्री ने जिम्मेदार है. कहा कि इनके द्वारा काम नहीं किया जा रहा है. जिले में मौजूद संसाधनों का दोहन जरूर किया जा रहा है, लेकिन उसके विरुद्ध कोई सुविधा यहां के लोगों को नहीं दी जा रही है. लोग लगातार परेशान हैं.
लोगों के काटे जा रहे हैं कनेक्शन
नोवेल वर्मा ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कीमत काफी बढ़ चुकी है. पहले कांग्रेस के शासन काल में गरीबों को 400 यूनिट तक बिजली फ्री मिलती थी. ये योजना समाप्त होने की स्थिति में है. गरीब या फिर कोई भी वर्ग के लोग हों, उनके पास 2000 से लेकर 8000 तक प्रति माह बिजली का बिल भेजा जा रहा है. फिर लगातार उनके लाइन को काटा जा रहा है, गांव से लेकर शहर तक अत्यधिक मात्रा में विद्युत कटौती हो रही है. जबकि हमारा छत्तीसगढ़ बिजली का हब है.
चारों तरफ यहां पावर प्लांट बने हुए हैं, लेकिन विद्युत की आपूर्ति छत्तीसगढ़ में नहीं हो पा रही है, लोग परेशान हैं. इसलिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने फैसला किया है कि हम ब्लॉक और गांव स्तर पर इसका विरोध करेंगे , लोगों से पहले हस्ताक्षर करवाएंगे, इसके बाद बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन होगा.- नोवेल वर्मा, पूर्व मंत्री
निरंकुश हो चुकी है सरकार
पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है. बिजली का मुद्दा पूरे क्षेत्र में गरमाया हुआ है, जगह-जगह आंदोलन कांग्रेस पार्टी के द्वारा किया जा रहा है. बिजली का बहुत बुरा हाल है. लगातार कटौती हो रही है. सरकार पूरी तरह से निरंकुश हो चुकी है.

