बिहार कांग्रेस में ताबड़तोड़ एक्शन, 15 जिला अध्यक्षों को नोटिस, जानें कौन-कौन हैं शामिल
हार के बाद बिहार कांग्रेस एक्शन के मूड में है. समीक्षात्मक बैठक में नहीं पहुंचे 15 जिला अध्यक्षों को नोटिस जारी किया गया है.

Published : December 2, 2025 at 8:48 PM IST
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस पार्टी ने समीक्षा करनी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में कल 1 दिसंबर 2025 को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सदाकत आश्रम में प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस कमिटियों के अध्यक्षों एवं कार्यकारी अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी. बैठक का उद्देश्य विधानसभा चुनाव के परिणाम की समीक्षा, संगठनात्मक मजबूती, दिल्ली में 14 दिसंबर को SIR के मुद्दे पर रैली पर विस्तृत चर्चा करना था.
कौन कौन थे मौजूद ? : सदाकत आश्रम में हुई बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने की. इस बैठक में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान मौजूद थे. इसके अलावा कई जिलों के जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और छात्र कांग्रेस के पदाधिकारी भी शामिल हुए.

पदाधिकारी को दी गई थी सूचना : कांग्रेस के जिला पदाधिकारी एवं फ्रंटल प्रमुख की बुलाई गई बैठक की सूचना व्हाट्सऐप और टेलीफोन कॉल के माध्यम से दे दी गई थी. इसके बावजूद कई जिलाध्यक्ष इस महत्वपूर्ण बैठक से अनुपस्थित रहे. प्रदेश कार्यालय ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है.
15 जिला अध्यक्षों को नोटिस : बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय सचिव नलिन कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है. किसी भी प्रकार की लापरवाही संगठन की कार्यप्रणाली को प्रभावित करती है. इसलिए अनुपस्थित जिलाध्यक्षों से तत्काल लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सचिव नलिन कुमार के द्वारा जो पत्र जारी किया गया है उसमें 15 जिला अध्यक्षों को नोटिस जारी किया गया है.

जिन 15 जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी किया गया उसमें प्रमोद सिंह पटेल (पश्चिमी चंपारण), शशिभूषण राय (पूर्वी चंपारण), शाह अहमद (अररिया), सुबोध मंडल (मधुबनी), सुनील यादव (कटिहार), गुर्जीत सिंह (पटना ग्रामीण-2), उदय चंद्रवंशी (कार्यकारी अध्यक्ष) पटना ग्रामीण-1, राज नारायण गुप्ता (कार्यकारी अध्यक्ष) सुपौल, परवेज आलम (भागलपुर), अनिल कुमार सिंह (जमुई), मनोज पांडेय (बक्सर), उदय मांझी (कार्यकारी अध्यक्ष) गया, अरविंद कुमार (कार्यकारी अध्यक्ष) लखीसराय, इमरान हक (कार्यकारी अध्यक्ष) मुंगेर और
रोशन कुमार (कार्यकारी अध्यक्ष) शेखपुरा का नाम शामिल है.
ये भी पढ़ें :-
RJD से अलग होगी कांग्रेस! बिहार में हार के बाद नेताओं ने गठबंधन पर उठाए सवाल
'राजेश राम और कृष्णा अल्लावरु को हटाया जाए', बोले कांग्रेस के दिग्गज नेता- RJD से तोड़ा जाए गठबंधन

