ETV Bharat / state

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस का सद्बुद्धि पदयात्रा, चोरों को जेल भेजने की मांग

कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बीजेपी को घेरा.

कांग्रेस का सद्बुद्धि पदयात्रा
कांग्रेस का सद्बुद्धि पदयात्रा (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 8:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मंगलवार को श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी के द्वारा सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली गई. लखनऊ शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, शहजाद आलम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट चौराहा से बेगम हजरत महल पार्क तक, कांग्रेस नेताओं ने सद्बुद्धि पदयात्रा निकालकर सरकार पर हमला बोला.

वहीं, बरेली में श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया, जिलाध्यक्ष असफाक सकलेनी के नेतृत्व में गांधी मूर्ति, चौकी चौराहा से सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर तक पदयात्रा निकाली गई. इस दौरान असफाक सकलेनी ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है, चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि देश और दुनिया में सही संदेश जाए.

सद्बुद्धि पदयात्रा में लखनऊ शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, शहजाद आलम, रुद्रदमन सिंह बबलू , दीपक सिंह, शिव पांडेय, शैलेंद्र दीक्षित, राजेंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना शर्मनाक है. ये घटना हिंदू धर्म के लिए और भी शर्मसार करने वाली है.

इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने चढ़ावा चोरी को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश में भी राम मंदिर का महत्व है. लोग भगवान राम में आस्था रखते हैं. यही कारण है कि जब मंदिर बना तो हिंदू धर्म के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था.

देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान राम में आस्था जताते हुए, सोने, चांदी के साथ करोड़ों रुपए दान दिए, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि भगवान के नाम पर दिया गया दान चंदा चोर चुरा लेंगे.

चढ़ावे की इस चोरी में जो लोग सामने आए हैं, सिर्फ वही नहीं है, उनके अलावा और भी बड़े-बड़े लोग शामिल हैं. एसआईटी अगर बारीकी से जांच करें तो बड़े बड़े लोगों पर कार्रवाई होना तय है. शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदू धर्म के नाम पर यह लोग भगवान राम की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं. लोगों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिस श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान राम के मंदिर में उन्होंने दान दिया है, वह चढ़ावा ही यह लोग चोरी कर ले जाएंगे.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर अब लोगों को विश्वास नहीं बचा है. यह सिर्फ राम को मानने का दिखावा करते हैं. वहीं, शहर अध्यक्ष शहजाद आलम ने भी राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा, कहा राम के नाम पर यह लोग पाखंड कर रहे हैं. लाखों, करोड़ों हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं. जनता इसका हिसाब जरूर लेगी.

ये भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने की राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग, कहा- 2027 में भगवान भी चाहते हैं बदलाव