चंडीगढ़ में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, विधानसभा के घेराव की कोशिश, पुलिस ने भूपेंद्र हुड्डा समेत सभी को हिरासत में लिया
Congress Protests in Chandigarh: बुधवार को कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा के घेराव की कोशिश की. इस दौरान पुलिस ने उनको बैरिकैड्स लगाकर रोक दिया.

Published : February 25, 2026 at 2:30 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 4:39 PM IST
चंडीगढ़: बुधवार को कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें बीच में ही रोक दिया. जिसके बाद पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई. सभी नेता सेक्टर 9 स्थित पार्टी ऑफिस में इकट्ठा हुए थे. यहां से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में उन्होंने पैदल मार्च शुरू किया, लेकिन सेक्टर-9 में ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर नेताओं को रोक लिया.
चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की. तभी कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस कर्मचारी आमने-सामने हो गए. इसके बाद पुलिस की टीम कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर 3 थाने में ले गई. मनरेगा योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने ये प्रदर्शन किया.
हाउस अरेस्ट के मुद्दे पर सदन के कांग्रेस का वॉकआउट: बता दें कि कांग्रेस ने आज चंडीगढ़ में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा था. अचानक से सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हुई. जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों के साथ नजर आए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया है. उन्हें चंडीगढ़ नहीं आने दिया जा रहा. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सदन में हंगामा किया और वॉकआउट कर बाहर आ गए.
सदन से बाहर आकर कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन: सदन से बाहर आने के बाद कांग्रेस हरियाणा अध्यक्ष राव नरेंद्र के नेतृत्व में भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा समेत तमाम बीजेपी विधायकों और कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया. जिन्हें पुलिस ने एमएलए हॉस्टल के पास ही बैरिकैड्स लगा कर रोक लिया.
हाई कोर्ट ले चुका संज्ञान: एक दिन पहले यानी 24 फरवरी को कांग्रेस ने एमएलए हॉस्टल से विधानसभा भवन तक पैदल मार्च किया था. जिसकी वजह से जज को हाई कोर्ट में पहुंचने में देरी हो गई थी. इसी पर संज्ञान लेते हुए हाई कोर्ट के जज ने चंडीगढ़ पुलिस को फटकार लगाई थी. जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने आज कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी.
हाउस अरेस्ट के मुद्दे पर सदन में हंगामा: इससे पहले सदन में इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ. रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने हरियाणा में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट का मुद्दा उठाया. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये सिर्फ हाउस अरेस्ट का मामला नहीं, बल्कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है. सरकार को इस पर जवाब देना होगा. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा के सवाल पर स्पीकर हरविंद्रर कल्याण ने कहा कि ये यूटी प्रशासन का फैसला है. ये विधानसभा परिसर में नहीं हुआ. ये यहां का विषय नहीं है. इस पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार जवाब नहीं देगी, तो हम विधानसभा से मुख्यमंत्री को बाहर नहीं निकलने देंगे.
कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाजी: इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं की फोटो दिखाई. इस पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ये जो फोटो दिखा रहे हैं, वो कोई और हो सकते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि हो सकता है सिक्योरिटी गार्ड खड़े कर फोटो खिंचवाई गई हो. उन्होंने इसकी जांच की मांग की. इसके बाद कांग्रेस विधायक और भड़क गए और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे.
सीएम सैनी बोले- कोई हाउस अरेस्ट नहीं हुआ: इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में कहा कि आप (भूपेंद्र हुड्डा) एक शिगूफा लेकर आए हैं. हाउस अरेस्ट की हमारी जानकारी में कोई मामला नहीं है. चंडीगढ़ सेक्टर 25 में स्थान निर्धारित है, वहां जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. मगर विधानसभा के आसपास प्रदर्शन किया, इस पर यूटी प्रशासन ने संज्ञान लिया है. इस मामले पर हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है. इस पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मैं हाई कोर्ट का सीनियर वकील रहा हूं. मुझे ना बताएं कि जाम किस कारण लगा है. जाम की जिम्मेदारी पुलिस की है, ना की हमारी. चंडीगढ़ में हर रोज जाम लगता है. इसमें कोई नई बात नहीं है. प्रजातंत्र में विरोध करना हमारा अधिकार है और हम विरोध कर सकते हैं. ऐसा पहली बार हुआ है कि पोस्टर चिपकाया गया हो कि आप विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते.
ये भी पढ़ें- हरियाणा विधानसभा घेराव पर सियासी संग्राम: हाउस अरेस्ट के बाद सदन में विपक्ष का हंगामा

