ETV Bharat / state

India-US Trade Deal के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, विधायकों ने निकाला पैदल मार्च

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस MLA ने विधायक आवास से विधानसभा परिसर तक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 1:55 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : अमेरिका- भारत ट्रेड बिल को लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है, इस मामले को लेकर संसद से सड़क तक प्रदर्शन हो रहे हैं. एक और जहां कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर अब देशव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है तो वहीं राजधानी जयपुर में भी गुरुवार को कांग्रेस विधायकों ने मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में अमेरिका से ट्रेड डील की है.

पीएम टू कंप्रोमाइज टी-शर्ट पहनकर किया प्रदर्शन : दरअसल विधायक आज विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले ज्योति नगर स्थित विधानसभा परिसर में एकत्रित हुए और पीएम टू कंप्रोमाइज टी-शर्ट और बैनर लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में नारेबाजी की और पैदल मार्च करते हुए विधानसभा परिसर तक पहुंचे, जहां पर विधानसभा के पोर्च में कांग्रेस विधायकों ने काफी देर तक नारेबाजी की. कांग्रेस विधायकों ने चेतावनी दी है कि अगर ट्रेड डील को रद्द नहीं किया गया तो कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर देशव्यापी आंदोलन करेगी.

टीकाराम जूली का केंद्र सरकार पर प्रहार (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें: सवाई माधोपुर में NSUI और यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया

हमारे किसान और लघु इंडस्ट्री बर्बाद हो जाएगी : वहीं प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों ने देश का पेट भरने और उसे आगे ले जाने का काम किया है, देश को समृद्ध किया है, लेकिन जब बात किसानों के हितों की आई तो नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के सामने सरेंडर कर दिया. उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान के किसानों की बात की जाए तो जिस दिन अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील हुई थी उसी दिन सोयाबीन के दामों में भारी गिरावट आई.

पहले सोयाबीन 6500 रुपए क्विंटल के आसपास बिक रही थी लेकिन उसी दिन 1200 से 1500 रुपए तक दामों में गिरावट आई. उन्होंने कहा कि इसी तरह कपास के दामों में भी गिरावट आ गई है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले हमारे देश में पशु आहार बनता था लेकिन अब पशु आहार अमेरिका से आएगा हो सकता है. उसमें नॉनवेज हो क्योंकि जिस प्रकार की खाद्य सामग्री वो लोग इस्तेमाल करते हैं उसका प्रभाव हमारे पशुओं पर भी पड़ेगा. जूली ने कहा कि इस ट्रेड डील से कपड़ा इंडस्ट्री पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली AI समिट विवाद ने पकड़ा तूल: कांग्रेस को जवाब- जयपुर में PCC वॉर रूम के बाहर भाजयुमो का प्रदर्शन

जूली ने कहा कि बांग्लादेश को तो टैक्स फ्री किया गया है और सारे टैरिफ भारत पर लगा दिए गए हैं. यानी की बांग्लादेश से पूरा कपास अमेरिका जाएगा और हमारे यहां की उद्योग पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे. जूली ने कि भारत सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किस वजह से भारत सरकार ने किन कारणों के चलते ट्रेड डील की है, क्या प्रधानमंत्री का नाम एप्सस्टीन फाइल में आ गया है इसलिए ही तो दबाव में यह ट्रेड डील नहीं की गई है. इसलिए सरकार को इस पर अपना मत स्पष्ट करना चाहिए और इस डील को तुरंत रद्द करना चाहिए. वहीं प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस विधायक पीएम टू कंप्रोमाइज टी-शर्ट पहन कर ही सदन में पहुंचे हालांकि सदन में उन्हें किसी ने नहीं टोका.

इसे भी पढ़ें: उदयभानु की गिरफ्तारी का मामला: जयपुर में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, गहलोत व डोटासरा ने की निंदा

राहुल गांधी की रैली से होगी आंदोलन की शुरुआत : भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर अब कांग्रेस राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने की तैयारी में है. इसे लेकर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सभी प्रदेशाध्यक्षों को सर्कुलर जारी करके सदन से सड़क तक आंदोलन शुरू करने के निर्देश दिए हैं. पार्टी ने इसके लिए रोड में तैयार करने शुरू कर दिए हैं. राजस्थान में भी ट्रेड डील के विरोध में आंदोलन शुरू करने की कवायद प्रदेश कांग्रेस ने शुरू कर दी है. इसी के चलते बुधवार शाम को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सभी 50 जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई थी.

राजस्थान में 9 मार्च से होगा आंदोलन का आगाज : राजस्थान में 9 मार्च को श्रीगंगानगर से आंदोलन की शुरुआत होगी. इस दिन कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की किसान रैली आयोजित होगी. जिसमें बीकानेर संभाग के तमाम जिलों के किसान नेता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब से सटे जिलों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे.

जिलाध्यक्षों से मांगा एक माह का एक्शन प्लान
जिलाध्यक्षों से मांगा एक माह का एक्शन प्लान (फोटो ईटीवी भारत)

जिलाध्यक्षों से मांगा एक माह का एक्शन प्लान : वहीं इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी. इसके लिए तमाम जिलाध्यक्षों से एक महीने का एक्शन प्लान मांगा गया है. तैयारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई थी. सभी जिलाध्यक्ष 28 फरवरी तक प्रदेश कांग्रेस को एक महीने का रोड मैप बनाकर देंगे कि उन्हें किस प्रकार से अपने-अपने जिलों में आंदोलन करने हैं. इसके बाद प्रदेश कांग्रेस भी अपना रोडमैप तैयार करके अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल को भेजेगा और उसके बाद राजस्थान में आंदोलन शुरू किए जाएंगे.

इसे भी पढ़ें: AI समिट विवाद : महिला मोर्चा का PCC मुख्यालय पर प्रदर्शन, उदयभान चिब को हिरासत में लेने का डोटासरा, जूली ने किया विरोध

सभी जिलों में एक-एक जनसभाएं : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि प्रदेश, जिला, ब्लाक और मंडल लेवल पर एक-एक जनसभाएं होगी. उसके अलावा हर जिले से दो-दो कांग्रेस नेताओं को ट्रेड डील को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा. उसके बाद वो अपने-अपने जिलों में जाकर वहां की स्थानीय सब्जी मंडियों और खाद्य पदार्थों की मंडियों में जाकर किसानों के बीच संवाद करेंगे और उन्हें ट्रेड डील से हो रहे नुकसान के बारे में जानकारी देंगे. इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर चौपाल भी करेंगे.