ETV Bharat / state

महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, बिजली-पानी की समस्या से निजात दिलाने को प्रदर्शन, सीमलवाड़ा में पहनी बल्बों की माला

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर विभिन्न जिलों एवं ब्लॉक पर विरोध प्रदर्शन. प्रशासन को सौंपे ज्ञापन

Congress leaders and workers wearing garlands of light bulbs in Simalwara, Dungarpur.
डूंगरपुर के सीमलवाड़ा में बल्बों की माला पहने कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता (ETV Bharat Dungarpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 27, 2026 at 4:49 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

डूंगरपुर/ राजाखेड़ा (धौलपुर)/कुचामन सिटी : प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर महंगाई, पानी-बिजली की समस्या और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को डूंगरपुर, धौलपुर समेत विभिन्न जिलों में हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया. डूंगरपुर जिले के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सीमलवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में बल्बों की माला पहनकर अनूठे तरीके से विरोध जताया. बिजली संकट एवं बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ आक्रोश जताया. उधर, धौलपुर के राजाखेड़ा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंडर अधिकारी को ज्ञापन सौंपा. इसमें पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई गई. वहीं, डीडवाना-कुचामन जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.

डूंगरपुर में पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने कहा कि प्रदेश में आमजन महंगाई और बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रही है, लेकिन सरकार समस्याओं के समाधान के बजाय मौन साधे बैठी है. पिछले चार-पांच दिनों में ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 से 8 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई. इससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ा है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पेयजल के लिए परेशान हैं. कई गांवों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जबकि दूसरी ओर घंटों बिजली कटौती से आमजन परेशान है. सीमलवाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने बल्बों की माला पहनकर संदेश दिया कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संबंधित एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. महंगाई पर नियंत्रण, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी, बिजली-पानी की समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की. चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी.

पढ़ें: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, खाचरियावास बोले, 'लोगों की हालत खराब'

राजाखेड़ा में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन: उधर, धौलपुर के राजाखेड़ा में ब्लॉक कांग्रेस ने सीएम के नाम एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में हाल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई गई. ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि यदि सरकार आमजन की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं करती है और महंगाई पर नियंत्रण नहीं लगाती है तो कांग्रेस मजबूरन बड़े आंदोलन को बाध्य होगी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 7 दिनों में ईंधन के दाम बढ़ने से खाने-पीने की सभी वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं. इससे आम एवं गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि राजाखेड़ा क्षेत्र में आए दिन बिजली के तार जलने और लंबे समय तक बिजली कटौती से गर्मी में आमजन परेशान हैं. पेयजल संकट गहरा गया. कई जगह पानी की टंकियां खाली हैं.

विकास कार्य ठप : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संवेदकों को भुगतान न होने से कई स्वीकृत विकास कार्य रुके पड़े हैं. बारिश से पहले नालों की सफाई नहीं की गई. इसी के साथ चंबल लिफ्ट परियोजना का लोकार्पण हो चुका, लेकिन कार्य धीमी गति से चल रहा है. किसानों को अभी भी पानी नहीं मिल पा रहा है. राजाखेड़ा से जिला मुख्यालय धौलपुर पुल तक की सड़क खस्ताहाल है. लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. घटते भूजल स्तर को रोकने के लिए प्रस्तावित कालीतीर परियोजना को शीघ्र पूरा करने और धनोला घाट के पास एनीकट निर्माण की मांग की गई है.

पढ़ें: पानी की किल्लत पर आर-पार: कांग्रेस का जल भवन पर मटका फोड़ प्रदर्शन, सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

कुचामन में अघोषित बिजली कटौती का विरोध: उधर, डीडवाना-कुचामन जिले में पूर्व विधायक महेन्द्र चौधरी के मार्गदर्शन में नावां-कुचामन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कुचामन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम कुचामन एसडीएम को ज्ञापन सौंपा. यह प्रदर्शन पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक एवं अन्य कार्यप्रणाली के विरोध में किया गया. कुचामन नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत ने कहा कि प्रदेश में दिन-प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतें बढ़ने से आमजन परेशान है. भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती एवं अनियमित पेयजल आपूर्ति से लोग परेशान है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुचामन-नावां नगर परिषद में विकास कार्यों के नाम पर बड़ी अनियमितताएं बरती जा रही हैं, जो जन हितों के साथ खिलवाड़ है.