पंचकूला में बारिश थमी तो गरजा कांग्रेस का विरोध, HKRN कर्मियों के समर्थन में किया प्रदर्शन, हुड्डा समेत दिग्गज नेता धरने पर बैठे
पंचकूला में कांग्रेस ने HKRN कर्मचारियों को पक्का करने, समान वेतन और नियमित भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर धरना दिया.

Published : August 19, 2026 at 1:32 PM IST
|Updated : August 19, 2026 at 10:20 PM IST
पंचकूला: पंचकूला में बुधवार को बारिश रुकते ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों को पक्का करने और प्रदेश में नियमित भर्तियां शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सेक्टर-6 स्थित HKRN कार्यालय के बाहर धरना दिया. प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए.
सरकार के खिलाफ नारेबाजी: धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. नेताओं ने HKRN के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए समान काम-समान वेतन, स्थायी रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं देने की मांग उठाई. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को अभी तक स्थायी रोजगार का लाभ नहीं मिला है.
चुनावी वादे को लेकर घेरा: कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने HKRN कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया. नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति, EPF, ESI, ग्रेच्युटी और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलने चाहिए.
हुड्डा ने उठाया रोजगार का मुद्दा: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि, "HKRN कर्मचारियों और प्रदेश के युवाओं के साथ न्याय होना चाहिए. सरकार को अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देना चाहिए और नियमित भर्तियां शुरू करनी चाहिए." इसके साथ ही दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि, "HKRN कर्मचारियों और हरियाणा के युवाओं के साथ न्याय हो. सरकार को अपने वादे को पूरा करते हुए कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देना चाहिए. हम इनके साथ हैं. "
युवाओं की अनदेखी का आरोप: धरने के संयोजक विधायक अशोक अरोड़ा और पंचकूला विधायक चौधरी चंद्रमोहन सहित कांग्रेस सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और अन्य पदाधिकारी भी प्रदर्शन में मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नियमित नौकरियों में हरियाणा के युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं.
नियमित भर्ती की मांग: कांग्रेस ने सरकार से पारदर्शी भर्ती नीति लागू करने और नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की. नेताओं ने कहा कि रोजगार के लिए युवाओं को स्पष्ट भर्ती कैलेंडर और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
आंदोलन जारी रखने का संकेत: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि HKRN कर्मचारियों और प्रदेश के युवाओं के अधिकारों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने सरकार से कर्मचारियों को नियमित करने और चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करने की मांग की.
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
- ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर स्थायी रोजगार व्यवस्था लागू की जाए.
- डिप्लॉयमेंट लेटर के स्थान पर स्थायी नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं.
- स्वीकृत पदों पर नियमित भर्ती कर स्थायी पद सृजित किए जाएं.
- वर्ष 2022 से अब तक वसूले गए 1% सर्विस चार्ज का विभागवार श्वेत पत्र जारी किया जाए.
- लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जाए.
- पारदर्शी भर्ती कैलेंडर, मेरिट और वेटिंग सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए.
- EPF, ESI, ग्रेच्युटी, दुर्घटना बीमा और स्वास्थ्य बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा के लाभ सुनिश्चित किए जाएं.
- “समान काम-समान वेतन” का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए.
- वेतन असमानता समाप्त कर मनमाने टर्मिनेशन पर रोक लगाई जाए.

