ETV Bharat / state

गुरुग्राम में कांग्रेस का घोड़ागाड़ी पर अनोखा विरोध, राव नरेंद्र ने महंगाई और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा

गुरुग्राम में कांग्रेस ने घोड़ागाड़ी मार्च निकाल महंगाई और नीट पेपर लीक के खिलाफ सरकार पर जमकर हमला बोला.

Gurugram Congress Protest
गुरुग्राम में कांग्रेस का हल्लाबोल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 23, 2026 at 1:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: गुरुग्राम में महंगाई और नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर सवार होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार से दोनों मुद्दों पर जवाब मांगा गया.

घोड़ागाड़ी पर सवार हुए राव नरेंद्र: प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह घोड़ागाड़ी पर सवार होकर पहुंचे. उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, "महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता आर्थिक बोझ के नीचे दबती जा रही है. सरकार लोगों को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवार परेशान हैं."

घोड़ागाड़ी यात्रा निकाल राव नरेंद्र ने सरकार को घेरा (ETV Bharat)

नीट पेपर लीक पर उठाए सवाल: राव नरेंद्र ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि, "पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं. इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए. लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूट रहा है और सरकार शिक्षा व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है."

वर्धन यादव ने भी सरकार को घेरा: इस प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने की. उन्होंने कहा कि, "प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी और युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं होने दिया जाएगा."

देवीलाल स्टेडियम से राजीव चौक तक मार्च: यह विरोध प्रदर्शन देवीलाल स्टेडियम से शुरू हुआ और राजीव चौक होते हुए आगे बढ़ा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगें उठाईं. प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण और पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की.

ये भी पढ़ें:जींद में कांग्रेस का प्रदर्शन, राव नरेंद्र सिंह बोले- 'पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा, बाहरी को रोजगार दे रही सरकार'