एपस्टीन फाइल्स मुद्दे पर कांग्रेस का धमतरी में हल्ला बोल, बीजेपी कार्यालय का किया घेराव
धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एपस्टीन फाइल के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा. इस दौरान विरोध प्रदर्शन काफी उग्र हो गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 24, 2026 at 8:55 PM IST
धमतरी: एपस्टीन फाइल का मुद्दा अब छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान का कारण बन रहा है. मंगलवार को धमतरी में कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर बीजेपी कार्यालय का घेराव किया. एपस्टीन फाइल में केंद्रीय मंत्री का नाम होने और इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
विरोध प्रदर्शन में हुई झूमाझटकी
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और पुलिस जवानों के बीच झूमाझटकी हुई. रत्नाबांधा रोड स्थित बीजेपी कार्यालय के पास पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को कांग्रेसियों ने पार करने की कोशिश की. इस दौरान काफी हंगामा देखने को मिला.जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि एपस्टीन मामले में नाम आने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि महंगाई से किसान और युवा परेशान हैं. तथा राहुल गांधी देश की लड़ाई लड़ रहे हैं, पूरा कांग्रेस संगठन उनके साथ है.
एपस्टीन फाइल्स में देश के पीएम नरेंद्र मोदी और उनके साथियों का नाम आया है. इसके बाद भी उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. इसके विरोध में जिला कांग्रेस के द्वारा भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया है- तारिणी चंद्राकर, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
राहुल गांधी लड़ रहे जनता की लड़ाई- तारिणी चंद्राकर
धमतरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर का कहना है कि अमेरिका के साथ पीएम नरेंद्र मोदी की डील हो चुकी है. सारे चीजों की महंगाई बढ़ चुकी है. जिससे पूरा भारत परेशान है.इसके लिए कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं. जब तक इस मामले की जांच नहीं होगी तब तक आगे की लड़ाई लड़ते रहेंगे.

एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने सरेंडर कर दिया है. एआई समिट में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ उनके नेताओं पर कार्रवाई हो रही है. इसलिए हमने घेराव किया है.

