अंकिता हत्याकांड, खटीमा की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में खटीमा में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 6, 2026 at 5:47 PM IST
खटीमा: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पूरे प्रदेश में आमजन का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रदेश का मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने को लेकर लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है. मंगलवार को सीएम धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में कांग्रेस के स्थानीय विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग खटीमा नगर की सड़कों में उतरे और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में खटीमा-पीलीभीत रोड से लेकर तहसील परिसर तक नगर में जुलूस निकाला गया और अंकिता भंडारी हत्याकांड की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की. इसके साथ ही उपनेता भुवन कापड़ी ने तहसीलदार खटीमा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेज अंकिता को न्याय दिलाए जाने की मांग की गई.
उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में खटीमा की सड़कों पर आज अंकिता को न्याय दो, सीबीआई जांच करो, वीआईपी कौन है? धामी आखिर क्यों मौन है? के नारे लगे. इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से प्रदेश में बेटियों के माता-पिता के दिल में एक डर पैदा कर दिया है. कई दशकों उपरांत बेटियों के अपने पैर में खड़े होने का जो विश्वास पैदा हुआ था, उसे अंकिता हत्याकांड के माध्यम से बड़ा झटका लगा है.

उन्होंने कहा कि अंकिता के साथ अन्याय होने की आवाज एक बार फिर सड़कों पर गूंज रही है. आज अंकिता बेटी के अधूरे न्याय के खिलाफ आमजन सड़कों पर उतर चुका है. अंकिता को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश की जनता सिर्फ और सिर्फ सीबीआई जांच की मांग कर रही है. क्योंकि प्रदेश की जांच एजेंसियों पर जनता का विश्वास खत्म हो चुका है. इसलिए उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाए जाने को लेकर आमजन सड़कों पर उतर अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है.
बता दें कि इस मामले पर आज सीएम पुष्कर सिंह धामी का भी बयान आया है. उन्होंने कांग्रेस के इस तरह के विरोध प्रदर्शनों को राजनीति से प्रेरित बताया है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वो किसी भी जांच से पीछे हटने वाले नहीं है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुद बताया कि वो अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेगे और वो जो मांग करेंगे, वैसी जांच कराएंगे.
पढ़ें---
- अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेंगे सीएम धामी, CBI जांच पर बोले- वो जो मांग करेंगे, वैसी जांच कराएंगे
- अंकिता भंडारी केस में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सीएम धामी बोले- 'दिल्ली में पीसी, कहीं कोई षडयंत्र तो नहीं चल रहा?'
- अंकिता भंडारी केस को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान, आज खुद सामने आएंगे सीएम धामी
- मधु नौटियाल को भाजपा ने सदस्य होने से भी किया इनकार, कांग्रेस पर फेक नैरेटिव गढ़ने के लगाए आरोप
- अंकिता भंडारी हत्याकांड, VIP कंट्रोवर्सी पर घिरी BJP, सवालों को छोड़ भागे सांसद

