ETV Bharat / state

मनरेगा का नाम बदलने पर सियासत तेज, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

उत्तराखंड में कांग्रेस मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

POLITICS ON MGNREGA
मसूरी में कांग्रेस ने मनरेगा को कमजोर करने का लगाया आरोप (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 11, 2026 at 8:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मसूरी: पूरे देश में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा को कमजोर किए जाने के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है. इसी क्रम में मसूरी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मनरेगा को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का गंभीर आरोप लगाया. जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की देन है. जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर संचालित किया गया. इस योजना के माध्यम से लाखों-करोड़ों श्रमिकों को रोजगार मिला और ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को मजबूती मिली.

उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत श्रमिकों की मांग का रजिस्ट्रेशन बिना किसी बाधा के होता था और मांग के अनुरूप रोजगार भी दिया जाता था. यदि किसी श्रमिक को रोजगार नहीं मिलता था तो उसे प्रतिपूर्ति (मुआवजा) का प्रावधान था. लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार ने मनरेगा में नए-नए अवरोध खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि अब भले ही एक लाख श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन हो जाए, लेकिन नियमों की जटिलता के कारण उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है. 125 दिन रोजगार देने की घोषणा केवल दिखावा है.

संजय किशोर ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर मनरेगा श्रमिकों से संवाद करेगी और पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करेगी कि भाजपा एक श्रमिक विरोधी पार्टी है. उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाने और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले पर कहा कि यह विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की जीत है कि मुख्यमंत्री को मजबूर होकर सीबीआई जांच की सिफारिश करनी पड़ी. उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब यह घटना हुई थी, तभी सीबीआई जांच होनी चाहिए थी, लेकिन अब दबाव बढ़ने पर सरकार ने यह कदम उठाया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है.

संजय किशोर ने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सरकार को कांग्रेस पार्टी 2027 में सत्ता से उखाड़ फेंकेगी. भाजपा सरकार द्वारा किए गए घोटालों और भ्रष्टाचार को जनता की अदालत में रखा जाएगा. उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा से त्रस्त हो चुकी है और 2027 में उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार बनेगी.

पढ़ें-