बाल-बाल बचे कांग्रेस विधायक योगेंद्र बाबा, दीवार से टकरा कर आग का गोला बनी स्कॉर्पियो
सिवनी-जबलपुर मार्ग पर धूमा के पास बंजारी क्षेत्र में हुआ हादसा. स्थानीय लोगों की सतर्कता और मदद से बची विधायक की जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 4, 2026 at 11:50 AM IST
|Updated : June 4, 2026 at 12:52 PM IST
सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. लखनादौन विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह (बाबा) ठाकुर की स्कॉर्पियो कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग की चपेट में आ गई. हादसा सिवनी-जबलपुर मार्ग पर धूमा के पास बंजारी क्षेत्र में हुआ, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सड़क पर अचानक गाय आने से हुआ हादसा, टक्कर के बाद लगी भीषण आग
जानकारी के अनुसार विधायक योगेंद्र सिंह ठाकुर जबलपुर से लखनादौन लौट रहे थे. इसी दौरान नेशनल हाईवे पर अचानक एक गाय वाहन के सामने आ गई. चालक ने गाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की दीवार से जा टकराई.
- बालाघाट में आग का गोला बनी एंबुलेंस, चालक की जिंदा जलकर मौत, मरीज को आया था छोड़ने
- भीषण गर्मी के साइड इफेक्ट, सड़क पर चलती कार अचानक भभक उठी, देखें वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई. देखते ही देखते पूरी स्कॉर्पियो आग के गोले में तब्दील हो गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए विधायक, चालक और सुरक्षा कर्मी को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला. यदि कुछ मिनट और देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित मदद के कारण एक बड़ी जनहानि टल गई. वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त वाहन और आग की भयावह स्थिति देखी जा सकती है.

विधायक सुरक्षित, चालक और गनमैन घायल
इस दुर्घटना में विधायक योगेंद्र सिंह ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चालक अनु और गनमैन राजू धुर्वे घायल हुए हैं. सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. आग पर काबू पाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

