सदन में भड़की गीता भुक्कल, बोली- 'मैं रिस्पॉन्सिबल विधायक, मंत्री माफी मांगें', झज्जर छात्रावास के मुद्दे पर हुई कहासुनी
Haryana Winter Session 2025: झज्जर में जर्जर महाविद्यालय भवनों पर सदन में बहस हुई. मंत्री अरविंद शर्मा के टोकने पर कांग्रेस विधायक भड़क गई.

Published : December 18, 2025 at 2:17 PM IST
|Updated : December 18, 2025 at 2:28 PM IST
चंडीगढ़: आज से हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई. पहले दिन प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सदन में झज्जर जिले में जर्जर महाविद्यालय के भवनों का मुद्दा उठाया. उन्होंने खस्ताहाल छात्रावास का भी मुद्दा उठाया. गीता भुक्कल ने पूछा कि उच्चतर शिक्षा मंत्री बताएं कि ये जर्जर भवन कब तक बन जाएंगे?
झज्जर के जर्जर महाविद्यालय पर सदन में चर्चा: इसका जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि 'छात्रावास के जर्जर होने की सूचना मिली है. हमने लोक निर्माण विभाग से इसकी रिपोर्ट मांगी है. जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी. कार्रवाई की जाएगी. वर्तमान में यहां कोई छात्र या छात्रा नहीं रह रहा.' उन्होंने सभी विधायकों से अनुरोध किया और कहा कि आप सभी अपने जिलों के स्कूलों का दौरा करें. अगर स्कूलों में कोई कमी है तो उसकी रिपोर्ट मुझे दें, सरकार उन्हें ठीक करने का काम करेगी.
सदन में भड़की गीता भुक्कल: इसके बाद विधायक गीता भुक्कल और मंत्री ढांडा के बीच बहस हुई. गीता भुक्कल ने उस लाइन पर आपत्ति जताई जिसमें शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा था कि 'वर्तमान में छात्रावास में कोई छात्र या छात्राएं नहीं रह रही.' गीता भुक्कल ने कहा कि 'सदन में झूठ बोला जा रहा है.' उन्होंने कुछ तस्वीरों को दिखा कर दावा किया ये छात्रावास की ताजी तस्वीरें हैं. जिसमें जर्जर इमारत और उसमें बच्चे दिखाई दे रहे हैं.
शिक्षा मंत्री ने गीता भुक्कल के साथ महाविद्यालय की बिल्डिंग का निरीक्षण करने की बात कही: इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि 'मैं विधायक गीता भुक्कल के साथ मौके पर विजिट करूंगा. अगर जानकारी गलत मिली, तो अधिकारी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा.'
मंत्री अरविंद शर्मा के टोकने पर तकरार! इस बीच मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस समय से ही भवन जर्जर हो चुका था, लेकिन विधायक गीता भुक्कल को अभी याद आया है. उन्हें पहले इसकी याद नहीं आई. इस पर गीता भुक्कल भड़क गई और कहा कि कांग्रेस समय में नए शिक्षा भवनों का निर्माण हुआ. अब उसी यानी हमारी सरकार की बनाई बिल्डिंग में मंत्री भाजपा का झंडा लगाकर प्रोग्राम कर रहे हैं. मैं एक रिस्पॉन्सिबल एमएलए हूं. आपको माफी मांगनी चाहिए.
सीएम नायब सैनी ने कराया शांत: इसके बाद सीएम नायब सैनी ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया. सीएम नायब सैनी ने कहा 'बिल्डिंग की जांच की जाएगी, क्योंकि हर बिल्डिंग की एक लाइफ होती है, कि वो कितने साल चलेगी. इसलिए बिल्डिंग के मटेरियल की जांच की जाएगी. जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी और बिल्डिंग की समस्या समाधान किया जाएगा. वैसे भी शिक्षा मंत्री कह चुके हैं कि वो खुद विधायक के साथ मिलकर बिल्डिंग का निरीक्षण करेंगे अगर खामियां मिली तो दोषियों पर कार्रवाई करेंगे. इसमें अब बहस की कोई गुंजाइश नहीं रही."

