#SaveAravalli सड़कों पर उतरी कांग्रेस, कहा-फैसला नहीं बदला तो रेगिस्तान में तब्दील हो जाएंगे 4 राज्य
'अरावली बचाओ, जीवन बचाओ' को लेकर जयपुर शहर कांग्रेस ने पीसीसी मुख्यालय से शहीद स्मारक तक पैदल मार्च निकाला.


Published : December 27, 2025 at 4:10 PM IST
|Updated : December 27, 2025 at 4:41 PM IST
जयपुर: 100 मीटर से कम ऊंचाई की पहाड़ियों को अरावली के दायरे से बाहर करने के मामले में कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतरकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ हमलावर है. शुक्रवार को जहां एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने इस मामले को लेकर पैदल मार्च किया, तो वहीं शनिवार को प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी जिलों में 'अरावली बचाओ-जीवन बचाओ' को लेकर पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली अलवर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. वहीं जयपुर में जयपुर शहर कांग्रेस के बैनर तले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय से शहीद स्मारक तक पैदल मार्च किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
'सुप्रीम कोर्ट का फैसला तो अभी भी वही': पैदल मार्च के दौरान आरआर तिवाड़ी ने ईटीवी भारत से कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट में अरावली की परिभाषा बदली है कि 100 मीटर से ऊंचाई की पहाड़ियों को ही अरावली माना जाए, वो ठीक नहीं है. कांग्रेस पार्टी और देश के करोड़ों लोगों का मानना है कि अगर अरावली में खनन के पट्टे दे दिए गए, तो 50 सालों में राजस्थान, गुजरात, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्य रेगिस्तान में तब्दील हो जाएंगे. इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी मुखर है और अरावली बचाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए. उन्होंने केंद्र की ओर से खनन पर रोक के आदेश पर कहा कि फैसला तो सुप्रीम कोर्ट में बदलवाना चाहिए. क्योंकि कोर्ट का फैसला तो आज भी वही है. जब तक सुप्रीम कोर्ट का फैसला नहीं बदलेगा, तब तक ये लोग अवैध खनन कर पहाड़ियों को बेच खाएंगे.
पढ़ें: अजमेर और डीडवाना में अरावली बचाने सड़क पर उतरी कांग्रेस, पुलिस से कहासुनी
'अरावली हमारी लाइफ लाइन': कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज का कहना है कि केंद्र की गूंगी, बहरी सरकार को सुनना पड़ेगा और सुप्रीम कोर्ट को भी सुनना पड़ेगा. क्योंकि अरावली पर्वतमालाएं हमारी लाइफ लाइन हैं. राजस्थान पूरा अरावली से ही घिरा हुआ है. ऐसे में हम अरावली से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे. अरावली जैसे फैसले भाजपा की कब्र खोदने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और हम इसे धरातल पर लेकर जाएंगे और संगठन में निचले स्तर तक भी जाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.
पढ़ें: Save Aravalli : सीएम भजनलाल बोले- गहलोत अपनी सरकार में भाटा, रेता और नल की टोंटी तक खा गए...
कल सभी 400 ब्लॉक में होंगे प्रदर्शन: वहीं प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज सभी जिलों में प्रदर्शन के बाद रविवार को सभी 400 ब्लॉक लेवल पर कांग्रेस पार्टी पैदल मार्च करेगी. उसके बाद 30 और 31 दिसंबर को भी मंडल और वार्ड स्तर पर भी कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी.
पढ़ें: #Save Aravalli : एनएसयूआई का मार्च, पायलट बोले- प्रकृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा
नहीं पहुंचे कई नेता: इससे पहले आरआर तिवाड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 2 बजे पीसीसी मुख्यालय से नारेबाजी करते हुए रवाना हुए और शहीद स्मारक तक पैदल मार्च करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसके बाद जयपुर शहर कांग्रेस की तरफ से राष्ट्रपति के नाम पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन भी दिया गया. हालांकि जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से किए गए पैदल मार्च में कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज को छोड़कर अन्य कोई नेता शामिल नहीं हुआ. पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा, पूर्व मंत्री महेश जोशी सहित कई अन्य नेता प्रदर्शन में नहीं नजर आए.

