चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र की बनाई गई रणनीति, सरकार को घेरने की फुल तैयारी
हरियाणा विधानसभा के आने वाले मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई है.

Published : August 20, 2026 at 10:07 PM IST
|Updated : August 20, 2026 at 10:14 PM IST
चंडीगढ़ : गुरूवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर ही इस बैठक मैं पार्टी के तमाम विधायक मौजूद रहे. इस बार सत्र में प्रदेश सरकार को घेरने की रूपरेखा के संकेत पहले ही नेता प्रतिपक्ष दे चुके हैं. वहीं बैठक में उन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनको लेकर कांग्रेस सदन में सरकार को घेरेगी.
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ली कांग्रेस विधायक दल की बैठक : कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बढ़ती महंगाई, भर्तियों, कौशल निगम, एसआईआर, कानून व्यवस्था, सफाई कर्मियों की मांगों, सरकार के घोटालों और किसानों की समस्याओं समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. विधायकों ने दोहराया कि इन तमाम मुद्दों को पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक हर मंच पर उठाएगी और बीजेपी की कुनीतियों को जनता के सामने उजागर करेगी.
चीनी के दाम बढ़े : इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इथेनॉल की मिलावट के बावजूद पेट्रोल की कीमतें तो पहले ही आसमान छू रही हैं. लेकिन अब इसके चलते चीनी के रेट ने भी आम आदमी के होश उड़ा दिए हैं. चीनी का भाव 70 रुपये पर पहुंच गया है, यानी ये कुछ ही महीने में लगभग डबल हो गया है. ईंधन से लेकर खाने-पीने के सामान तक, जनता पर चौतरफा मार पड़ रही है.
क्राइम बना हरियाणा में रूटीन : बैठक में हुड्डा ने बीजेपी सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती, जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है. थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, इससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है. हरियाणा में सरेआम लूट, डकैती, फिरौती, हत्या, फायरिंग रूटीन की बात बन गई है.

कांग्रेस सांसदों की मांगों का समर्थन : कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस सांसदों की मांग का समर्थन करने का फैसला लिया गया है. सभी विधायकों ने मांग उठाई है कि भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाया जाए क्योंकि हमेशा हरियाणा के खिलाड़ियों ने हरेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए सबसे ज्यादा मेडल जीते हैं.
हुड्डा ने बैठक पर क्या कहा ? : बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बैठक में तय किया गया है कि कांग्रेस सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दा उठाएगी. सबसे बड़ा मुद्दा कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार का है. HKRN का मुद्दा है, बेरोजगारी का मुद्दा है. इन मुद्दों पर कांग्रेस की तरफ से काम रोको प्रस्ताव और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सत्र से पहले 26 अगस्त को एक बार फिर विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी. वहीं बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन कुमार के लिए शोक प्रस्ताव भी रखा गया. उन्होंने भाजपा के एक मंत्री एक यूनिवर्सिटी अभियान को लेकर कहा कि इस अभियान से कुछ नहीं होगा. उनकी कोई सुनने वाला नहीं है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : अभय चौटाला पर क्रिमनल केस करेंगे भूपेंद्र हुड्डा? बोले- 'मैंने वकीलों से बात कर ली है', बीजेपी पर भी जमकर बरसे
ये भी पढ़ें : Explainer: क्या हरियाणा बीजेपी के लिए खतरे की घंटी है राव इंद्रजीत सिंह की नाराजगी?
ये भी पढ़ें : करनाल में भूपेंद्र हुड्डा का सरकार पर हमला, बोले- "हरियाणा में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, कॉमनवेल्थ की मेजबानी राज्य को मिले"

