अशोक गहलोत के करीबी नेता ने खोला मोर्चा, आरोप- खुद जीतने के लिए मुस्लिम को टिकट देते हैं, लेकिन उन्हें हरा देते हैं
पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी सैयद अंसारी ने कांग्रेस पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

Published : November 24, 2025 at 3:26 PM IST
जोधपुर : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी और जोधपुर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सैयद अंसारी ने पार्टी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है. अंसारी ने रविवार देर रात को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज का उपयोग सिर्फ वोट लेने के लिए किया है. अपना चुनाव जीतने के लिए मुस्लिम को टिकट देते हैं और फिर खुद जीत जाते हैं और मुस्लिम को हरा देते हैं. वहीं, इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस मजबूत तब होगी, जब एक साथ मिलकर काम करेंगे. गुटबाजी नहीं होगी. ये सिलसिला जोधपुर से शुरू होगा पूरे प्रदेश में जाएगा'.
इस मामले में बातचीत में अंसारी ने कहा कि उन्हें जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर कोई विरोध नहीं है, न ही अशोक गहलोत का विरोध है. ये सिर्फ अपने मन की बात लिखी है. उन्होंने आगे कहा कि 23 मुस्लिम जीतने के बाद भी मेयर नहीं बनाया गया. वो टिकट देते हैं, लेकिन सत्ता में भागीदारी नहीं देते. अंसारी ने अपनी पोस्ट में दोहराया है कि वह जीवन भर कांग्रेस के समर्पित रहेंगे. उनका परिवार स्वतंत्रता सेनानी का परिवार है. फिलहाल इस मामले पर पूर्व सीएम की टिप्पणी आना बाकी है.
पढ़ें. पूर्व मंत्री का आरोप- BJP चुनाव आयोग का मिसयूज कर काट रही वोट, EVM की जगह पोस्टल बैलेट से हो मतदान
कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं किया : सैयद अंसारी को हमेशा गहलोत का करीबी माना जाता रहा है. 15 साल जिलाध्यक्ष रहे. उन्होंने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि उन्हें 3 बार टिकट देकर सहयोग नहीं दिया. वो पहले चुनाव में 425 वोटों से हार गए थे. किसी भी एजेंट को मतगणना में नहीं भेजा, कोर्ट से चुनाव जीत गया. फिर सुप्रीम कोर्ट में चला गया, वहां फैसला नहीं हुआ.
करीबी ने रुपए बांट कर हराया : दूसरी बार सूरसागर से भी बहुत कम मतों से हारा. उस समय भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि निवेदन पर भी गहलोत के करीबी कई नेता खुलकर उनका विरोध करते रहे. अंसारी ने लिखा कि तीसरी बार सूरसागर से फिर कम अंतर से हार गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कुछ गहलोत के करीबी ने उन्हें हराने के लिए खुलकर खूब पैसे बांटे. उसके खिलाफ कार्रवाई की बजाय उसको टिकट दे दिया गया.
एक जुटता का संदेश जोधपुर से जाएगा : सोमवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा को पदभार ग्रहण करवाने के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. यहां पर मीडिया से उन्होंने बातचीत में सईद अंसारी के आरोपों को लेकर कहा कि 'यह आप लोगों पर निर्भर करता है, आपको मजा नहीं आता, जब तक कोई मनमुटाव नहीं हो, कोई खबर नहीं आए. देश को अभी जरूरत कांग्रेस की विचारधारा की है. इसके लिए कांग्रेस का मजबूत होना बहुत आवश्यक है और कांग्रेस मजबूत तब होगी, जब एक साथ मिलकर काम करेंगे. गुटबाजी नहीं होगी. ये सिलसिला जोधपुर से शुरू होगा पूरे प्रदेश में जाएगा'.
सैयद अंसारी के आरोपों पर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा कि वो खुद लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं. अशोक गहलोत किसी को भी दरकिनार नहीं करते हैं. वे हमेशा सबको साथ लेकर समानता की राजनीति करते हैं. सूरसागर से विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले शहजाद खान ने कहा कि चुनाव में हार जीत किस्मत से होती है. अशोक गहलोत अल्पसंख्यकों को कभी दरकिनार नहीं करते.

