भिवानी में कांग्रेस नेता से 5 करोड़ की रंगदारी, बोले- "पैसे दे या Z सिक्योरिटी ले ले, तुझे मार देंगे", जांच में जुटी पुलिस
भिवानी में कांग्रेस नेता से 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही.

Published : June 23, 2026 at 2:34 PM IST
भिवानी: हरियाणा के भिवानी में कांग्रेस नेता और खनन कारोबारी मास्टर सतबीर रतेरा से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है.
15 जून से लगातार आ रहे धमकी भरे फोन: मास्टर सतबीर रतेरा ने बताया कि, "मुझे15 जून से लगातार कॉल आ रही हैं. शुरुआत में विदेशी नंबरों से फोन आए, जबकि अब भारतीय नंबरों से भी कॉल की जा रही हैं. धमकी देने वाला हर बार 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर पांच करोड़ रुपये की मांग कर रहा है."
"पैसे दे या Z सिक्योरिटी ले ले, तुझे छोड़ेंगे नहीं": सतबीर रतेरा ने आगे कहा कि, "फोन करने वाले ने कहा कि पैसे दे या फिर जिस भी रिश्तेदार से मिलना है, मिल ले. घर में टांगने के लिए अपना बड़ा फोटो और माला का इंतजाम कर लेना. चाहे Z सिक्योरिटी ले ले, तुझे छोड़ेंगे नहीं, जान से मार देंगे. इस तरह की धमकियों से मेरा पूरा परिवार दहशत में है."
"मेरा किसी से कोई झगड़ा नहीं": कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, "मेरा किसी से कोई झगड़ा या लेन-देन नहीं है. सबसे पहले मैंने एसपी को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई. मुझे उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचेगी और सख्त कार्रवाई करेगी. धमकियों के कारण मैं कई दिनों तक घर से बाहर भी नहीं निकला."
पहले सरकारी शिक्षक थे सतबीर: मास्टर सतबीर रतेरा पहले सरकारी शिक्षक रहे हैं. बाद में उन्होंने खनन कारोबार शुरू किया और कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हुए. वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने बवानीखेड़ा आरक्षित सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था. चुनाव से पहले उनके आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई भी हुई थी.
पुलिस ने कहा- "जांच जारी":मामले को लेकर जब पुलिस से सवाल किए गए तो डीएसपी अनूप कुमार ने केवल इतना कहा कि, "मामले की जांच चल रही है."
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल: लगातार सामने आ रहे रंगदारी और धमकी के मामलों के बीच इस घटना ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है. विपक्ष पहले से ही प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर हमलावर है.

