राहुल गांधी सिटीजनशिप केस; रायबरेली से लखनऊ ट्रांसफर हुआ मामला, आज विशेष MP-MLA कोर्ट में सुनवाई
याचिकाकर्ता और भाजपा नेता एस. विग्नेश शिशिर ने हाईकोर्ट में अपील की थी कि रायबरेली में निष्पक्ष सुनवाई संभव नहीं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 7:15 AM IST
लखनऊ: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ा मामला अब लखनऊ की विशेष MP-MLA कोर्ट में सुना जाएगा. इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के आदेश पर इस केस को रायबरेली से ट्रांसफर कर दिया गया है. सोमवार को लखनऊ में पहले दिन करीब दो घंटे तक इस मामले में सुनवाई हुई.
सुरक्षा कारणों से बदली कोर्ट: याचिकाकर्ता और भाजपा नेता एस. विग्नेश शिशिर ने हाईकोर्ट में अपील की थी कि रायबरेली में निष्पक्ष सुनवाई संभव नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि रायबरेली कोर्ट में सुनवाई के दौरान कांग्रेस समर्थकों और वकीलों ने भारी नारेबाजी कर कार्यवाही बाधित की थी. वादी ने दावा किया कि उन पर हमले की साजिश रची गई थी, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर उन्हें सुरक्षा PSO मुहैया कराई गई है. न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की एकल पीठ ने स्थानांतरण आवेदन पर सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया था. याचिकाकर्ता ने यह भी कहा था कि स्थानीय परिस्थितियों के कारण निष्पक्ष सुनवाई संभव नहीं हो पा रही है. वादी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया था.
ब्रिटिश नागरिकता का क्या है विवाद: एस. विग्नेश शिशिर का आरोप है कि राहुल गांधी ने 2003 में लंदन में पंजीकृत एक कंपनी के दस्तावेजों में खुद को ब्रिटिश नागरिक बताया था. वादी के अनुसार, इस मामले के साक्ष्य उन्होंने सीबीआई की एंटी करप्शन शाखा को सौंपे हैं, जो फिलहाल मामले की जांच कर रही है. विग्नेश ने यह भी दावा किया कि वे प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्वाचन को रद्द करने के लिए केरल हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने जा रहे हैं.
कल की सुनवाई होगी बेहद अहम: लखनऊ कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 जनवरी मंगलवार की तारीख तय की है. बहस पूरी तरह से ब्रिटिश नागरिकता से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों पर केंद्रित होगी. वादी का दावा है कि उनके पास गृह मंत्रालय और ब्रिटिश सरकार से जुड़े पुख्ता दस्तावेज हैं, जो उनकी याचिका को मजबूत बनाते हैं.
गौरतलब है कि हाईकोर्ट के आदेश पर राहुल गांधी की नागरिकता से जुड़ा केस रायबरेली से लखनऊ ट्रांसफर किया गया है. सोमवार लखनऊ MP-MLA कोर्ट में 2 घंटे सुनवाई हुई. आज यानी 6 जनवरी को राहुल गांधी की ब्रिटिश नागरिकता के मुद्दे पर मुख्य बहस होगी.
यह भी पढ़ें: जय कृष्ण उपाध्याय इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त, अधिसूचना जारी

