ETV Bharat / state

अवैध हथियार के मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, कोहिनूर 007 गैंग के 5 आरोपी ​भी पकड़े

अवैध हथियार के मामले में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पत्नी भी जिला परिषद की सदस्य है.

Police taking the accused away
आरोपी को ले जाती पुलिस (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 5:01 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: कोटा के आसपास से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर महिलाओं के वेश में लूटपाट करने वाली कोहिनूर 007 गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ी है. इस मामले में पांच आरोपियों को लूट की योजना बनाते हुए शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं. बोरखेड़ा थाना इलाके के नया नोहरा क्षेत्र में एक कांग्रेस नेता को भी अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पत्नी जिला परिषद सदस्य है. बोरखेड़ा थाना पुलिस ने इस पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है. जांच विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा कर रहे हैं. आरोपियों को न्यायालय में भी पेश कर दिया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लाया गया.

कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि कोटा ग्रामीण में कुछ युवकों ने कोहिनूर 007 नाम से गैंग बना रखी है. ये अवैध हथियारों के साथ फोटो इंस्टाग्राम व सोशल मीडिया पर डालते थे. इसके अलावा हाई स्पीड पर गाड़ियों को चलाते थे. उनकी रील बना कर सोशल मीडिया पर डालते थे. हमें सूचना मिली थी कि उनके ही साथी डकैती की कोई बड़ी योजना बना रहे हैं. बोरखेड़ा इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने रोहित मीणा, मनीष सुमन, प्रदीप मीणा, विकास योगी और अजय मीणा को गिरफ्तार किया है.

सिटी एसपी ने बताया कैसे काम करती है ये गैंग (ETV Bharat Kota)

पढ़ें: रोहित गोदारा गैंग की भाजपा नेता को रंगदारी की धमकी देने के विरोध में कुचामन बंद, रैली निकाली

इनके पास से दो चाकू, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो बेसबॉल के डंडे, मिर्च पाउडर, एक बिना नंबर की गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है. इनको डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है. इनके पास कुछ महिलाओं के पहनने के सूट व मिर्ची पाउडर भी मिले हैं. इन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इन सभी ने जितने भी सहयोगियों के नाम बताए हैं, उनके खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जाएगी. वर्तमान में सोने–चांदी की कीमतें बढ़ रही हैं. इनको गैंग को आगे बढ़ाने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए ही वारदात को अंजाम देने वाले थे, जिसमें कोटा शहर की सजगता से पकड़ लिया गया.

पढ़ें: मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

कांग्रेस नेता गिरफ्तार: कोटा शहर पुलिस ने अवैध हथियार के मामले में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पत्नी भी जिला परिषद की सदस्य है. यह कार्रवाई बोरखेड़ा थाना इलाके में नया नोहरा क्षेत्र में हुई. कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपी कैथून थाना इलाके के बड़ोदिया गांव निवासी देशराज चौधरी को गिरफ्तार किया है. जिसे न्यायालय में भी पेश किया गया है. उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ है. इस मामले में देखा जा रहा है कि क्या आरोपी का पहले भी अवैध हथियारों की खरीद–फरोख्त कर चुका है?

पढ़ें: 007 गैंग का मुख्य सरगना AGTF की गिरफ्त में, सांवरिया सेठ के दर्शन करने जाते समय जोधपुर में दबोचा

थानाधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि यह कार्रवाई गुरुवार रात को की गई. शुक्रवार को इसका खुलासा किया गया. आरोपी कोरल पार्क कोचिंग एरिया के नजदीक नया नोहरा में घूम रहा था. पुलिस को देखते ही आरोपी ने छिपने की कोशिश की और इसके बाद ही शक होने पर उसे पकड़ा गया था. आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास हथियार मिला था. पूछताछ में उसने बताया कि यह हथियार 007 कोहिनूर गैंग से खरीदी थी. आरोपी ने काफी कम दाम पर इस पिस्टल को खरीदा था. जिसे ज्यादा दाम पर बेचने की फिराक में घूम रहा था. आरोपी के खिलाफ पहले से एक मारपीट का मुकदमा भी दर्ज है.

पत्नी वार्ड नंबर 3 से है जिला परिषद सदस्य: देशराज चौधरी की पत्नी रेनू चौधरी वार्ड नंबर 3 से जिला परिषद सदस्य है. उनके एरिया में मंडाना कसर बनियानी, काल्याखेडी और आलनिया एरिया आता है. इसके अलावा देशराज लाडपुरा ब्लॉक का यूथ अध्यक्ष रहा है. लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और कांग्रेस के हर कार्यक्रम में भी शामिल होता है.