गांधी परिवार के करीबी खाची को पार्टी का नोटिस, कांग्रेस MLA एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ बयानबाजी पड़ी भारी
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर टिप्पणी करने वाले केहर सिंह खाची से पार्टी ने 7 दिनों में मांगा जवाब.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 5:12 PM IST
शिमला: ठियोग विधानसभा क्षेत्र की सियासत को लेकर एक बार फिर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है. कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर को लेकर की गई टिप्पणी अब हिमाचल वन निगम के वाइस चेयरमैन एवं गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले केहर सिंह खाची के लिए मुश्किल खड़ी करती नजर आ रही है.
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ठियोग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खाची की ओर से राठौर को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस संगठन ने कड़ा संज्ञान लिया है. पार्टी ने खाची को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है. इसके साथ ही स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है.
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंह राठौर को लेकर केहर सिंह खाची ने कहा था कि वर्ष 2022 तक ठियोग में उन्हें 11 लोग भी नहीं जानते थे और एकजुट होकर उन्हें चुनाव जिताया गया. खाची की इस टिप्पणी के सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई. मामला केवल ठियोग की स्थानीय राजनीति तक सीमित नहीं रहा, पार्टी संगठन तक पहुंच गया. इसके बाद कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर खाची को नोटिस जारी कर उनकी टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है.
सात दिन में देना होगा जवाब
कांग्रेस की ओर से जारी नोटिस में केहर सिंह खाची से विधायक कुलदीप सिंह राठौर के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर जवाब मांगा गया है. पार्टी ने उन्हें सात दिन का समय दिया है. संगठन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में खाची के खिलाफ पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है.
कांग्रेस संगठन सचिव विनोद जनता ने कहा, "कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर के खिलाफ टिप्पणी करने पर हिमाचल वन निगम के वाइस चेयरमैन केहर सिंह खाची को पार्टी की ओर से नोटिस जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि खाची से इस मामले में सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है".
गांधी परिवार के दो करीबियों के बीच खिंची सियासी लकीर
इस पूरे घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कुलदीप सिंह राठौर और केहर सिंह खाची दोनों ही गांधी परिवार के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं. ऐसे में एक-दूसरे को लेकर सार्वजनिक रूप से सामने आई बयानबाजी ने कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी खींचतान को चर्चा में ला दिया है. खाची को नोटिस जारी होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि ठियोग की स्थानीय राजनीति में सामने आया यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं राठौर
कुलदीप सिंह राठौर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट के उपचुनाव हुए थे. इन उपचुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को शिकस्त देते हुए क्लीन स्वीप किया था. वर्तमान में राठौर ठियोग से कांग्रेस के विधायक होने के साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. वहीं, अब उनके खिलाफ सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणी पर पार्टी संगठन के हस्तक्षेप और नोटिस जारी होने से ठियोग कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है.

