चुनावी मोड में यूपी कांग्रेस, प्रियंका गांधी के बर्थडे पर होगा बड़ा धमाका !
कांग्रेस यूपी में 100 दिनों के अंदर 30 संविधान संवाद रैली आयोजित करेगी. इसके साथ ही एसआईआर और मनरेगा को लेकर कुछ बड़ा करेगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 10:19 AM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण बैठकें हुईं. पहली बैठक पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्यों की हुई और दूसरी बैठक मनरेगा कोऑर्डिनेटर/एसआईआर कोर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों, जिला, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, फ्रंटल, विभाग, प्रकोष्ठों के चेयरमैन की संपन्न हुई.
ये दोनों बैठकें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में संपन्न हुईं.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है. हमारे समक्ष पंचायत चुनाव, एमएलसी चुनाव और विधानसभा चुनाव होने हैं. हमें पार्टी के समक्ष चुनौतियों पर एक विस्तृत रोडमैप तैयार करना है. हमें सभी 403 विधानसभाओं पर एक मजबूत संगठन बनाना है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि आने वाले 100 दिनों में हम पूरे प्रदेश में 30 से अधिक संविधान संवाद रैली आयोजित करेंगे. और इन रैलियों के माध्यम से जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाएंगे.
संगठन सृजन पर राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि पिछले 8 माह की मेहनत से हमने बूथ लेवल तक एक सशक्त संगठन का निर्माण किया है. हम इसी संगठन के बल पर 2027 के रण में उतरेंगे.
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिवस पर प्रदेश के सभी मंडलों पर प्रेसवार्ता आयोजित कर 100 दिन की कार्य योजना घोषित की जाएगी.
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ ने कहा कि पहले प्रेसवार्ता की जाएगी उसके बाद हम अपनी नेता प्रियंका के जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित करेंगे.
पंचायत चुनाव पर राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि पंचायत चुनाव एक ऐसा जमीनी चुनाव है, जो आने वाले विधानसभा चुनाव की पटकथा लिखेगा.
एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्रदेश में जिन मदताओं के नाम काटे गए हैं, उनको लेकर पार्टी ने एक एसआईआर कोर्डिनेशन कमेटी बनाई है.
राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने कहा कि पिछले चार नवंबर से हमने जितनी मेहनत की है, हमें अगले एक माह उससे दोगुनी मेहनत करनी होगी. हमें न सिर्फ वैध मतदाताओं के नाम बढ़वाने हैं. साथ ही इस बात पर भी नजर रखनी है कि भाजपा फर्जी वोटर न बनवाने पाए.
एमएलसी चुनाव पर राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि इस चुनाव में जीत का एक ही मूल मंत्र है, अधिक से अधिक मतदाता बनाएं जाएं. विधानसभा से दो माह पूर्व होने वाला यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है.
मनरेगा पर वॉर रूम इंचार्ज संजय दीक्षित ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ इस योजना को खत्म कर भाजपा ने करोड़ों गरीब, भूमिहीन मजदूरों की रोजी रोटी छीन ली है.
कांग्रेस स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर लखनऊ से शुरू हुए सेवा और बलिदान के 140 वर्ष कार्यक्रम को अब पूरे प्रदेश में किया जाएगा. ये जानकारी मनीष हिंदवी ने दी.
बैठक को राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी, सांसद केएल शर्मा, अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, इमरान मसूद, उज्जवल रमण, तनुज पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, भगवती चौधरी, संजय कपूर और मनोज यादव ने भी सम्बोधित किया.
बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, राष्ट्रीय सचिव सहप्रभारी धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल, सुप्रिया श्रीनेत, संयुक्त सचिव मनोज त्यागी, संसद सदस्य राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी और केएल शर्मा थे.
इसके साथ ही उज्जवल रमण सिंह, इमरान मसूद, तनुज पुनिया, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कुंवर दानिश अली, एपी गौतम, रवि वर्मा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, विवेक बंसल, संजय कपूर, पूर्व सदस्य विधान परिषद दीपक सिंह, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव (संगठन) अनिल यादव, चेयरमैन पिछड़ वर्ग विभाग कांग्रेस मनोज यादव, अंकित तिवारी, अनस रहमान, संजय दीक्षित, मनीष हिंदवी शामिल हुए.
ये भी पढ़ें - SIR की डिलीटेड लिस्ट की मॉनिटरिंग के लिए कांग्रेस ने हर जिले में बनाई कमेटी, अजय राय बोले- गरीब भाजपा की नीतियों से त्रस्त

