ETV Bharat / state

Bikaner Congress Controversy : कांग्रेस की कलह सड़कों पर, शहर अध्यक्ष मेघवाल से मारपीट, कुर्ता फाड़ने का आरोप, गहलोत ने की निंदा

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने उनके साथ मारपीट की घटना की निंदा की और आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की बात कही.

Congress Office Bearer Assaulted
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल (ETV Bharat Bikaner)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 2, 2026 at 5:31 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

बीकानेर: नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद कांग्रेस की अंदरूनी कलह सड़कों पर नजर आने लगी है. बीकानेर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के साथ मारपीट हुई है. वार्ड 50 में प्रत्याशी नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय उद्घाटन के दौरान युवक ने पहले उनका मुंह मीठा कराया, फिर एक तरफ बुलाकर कथित मारपीट की. मेघवाल ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा के बेटे मोहित अरोड़ा पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है. घटना के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हो गए, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला भी मौके पर पहुंचे. मेघवाल ने कहा कि ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं होगा, पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाएंगे. इस बीच मेघवाल के साथ की गई मारपीट की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी निंदा की है. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है. ऐसे लोग कांग्रेसी नहीं हो सकते.

नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद कांग्रेस के भीतर शुरू हुआ असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है. बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह उस समय सड़कों पर आ गई, जब शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया. यह घटना चुनाव कार्यालय उद्घाटन के तुरंत बाद हई. उस समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे. इसी दौरान शहर अध्यक्ष मेघवाल के साथ आरोपी ने पहले बातचीत और मुंह मीठा कराया गया, फिर एक तरफ बुलाकर मारपीट की. इससे माहौल गरमा गया और कार्यकर्ता एकत्रित हो गए.

मदनगोपाल मेघवाल ने क्या कहा, सुनिए... (ETV Bharat Bikaner)

पढ़ें: निकाय चुनाव 2026: अजमेर और सिरोही में टिकट न मिलने से बीजेपी में बगावत, नाराज नेताओं ने निर्दलीय ठोकी ताल

अंकल कहकर बुलाया, फिर की मारपीट: मेघवाल ने बताया कि मोहित अरोड़ा ने उन्हें 'अंकल' कहकर बुलाया और मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका कुर्ता तक फाड़ दिया गया. उन्होंने कहा कि टिकट एक प्रत्याशी को ही मिलता है, लेकिन राजनीतिक नाराजगी के चलते ऐसा व्यवहार उचित नहीं है. वे शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाएंगे. इस बीच मारपीट की सूचना पर पूर्व मंत्री बीडी कल्ला मौके पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली. इस घटना को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी.

यह भी पढ़ें: अजमेर नगर निगम: बगावत के डर से आखिरी समय तक रोके रखी सूचियां, बड़ी संख्या में उतरे निर्दलीय, अब डैमेज कंट्रोल चुनौती

टिकट वितरण के बाद बढ़ी खींचतान: कई वार्डों में दावेदारों और समर्थकों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है, ऐसे में अध्यक्ष के साथ मारपीट ने खींचतान को उजागर कर दिया है. टिकट वितरण के बाद कई वार्डों में विरोध और असंतोष है. वार्ड 50 की घटना ने अंदरूनी राजनीति को चर्चा में ला दिया है. कार्यकर्ता कार्यालय में जमा होकर चर्चा करने लगे. हालांकि मारपीट के वास्तविक कारण और भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

मेघवाल ने कहा, 'टिकट एक को ही मिलता है, इसका मतलब यह नहीं कि किसी के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाए'. वे इस प्रकार की घटना की निंदा करते हैं.' इस घटना के बाद कांग्रेस में संगठन स्तर पर क्या कार्रवाई होती है और पुलिस शिकायत के बाद मामले में क्या नए तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में बवाल: तिवाड़ी बोले- मुझे हराने वालों को टिकट दिया, खमियाजा भुगतना पड़ेगा

गहलोत बोले— ऐसे लोग कांग्रेसी नहीं हो सकते: बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मेघवाल के साथ की गई मारपीट की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी निंदा की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की गई एक पोस्ट में उन्होंने कहा, 'यह बेहद दुखद है और इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. इस प्रकार का व्यवहार, हरकत अनुशासनहीता है और अस्वीकार्य है. जिन भी युवकों ने मेघवाल के साथ मारपीट की है वो कांग्रेसी नहीं हो सकते, क्योंकि यह शर्मनाक हरकत कांग्रेस की संस्कृति और विचारधारा के खिलाफ है. पुलिस को अविलंब इन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई करनी चाहिए.'

फतेहपुर में नामांकन के दौरान खूनी संघर्ष: निकाय चुनाव के नामांकन के दौरान उपखंड कार्यालय के बाहर हुए खूनी संघर्ष में फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. विवाद में छह लोग घायल हुए थे. कोतवाल महेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए थे. एक पक्ष के मोहम्मद पुत्र ईशाक निर्वाण, मोहम्मद तासीन पुत्र मोहम्मद सलीम और सोहिल पुत्र बाबू खान को गिरफ्तार किया गया है. हत्या के प्रयास सहित संगीन धाराओं में मामला दर्ज है, न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा.