निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस को मिले 38000 आवेदन, डोटासरा बोले, 'Gen Z और युवाओं के आवेदन ज्यादा'
डोटासरा का कहना है कि अकेले जयपुर में 150 वार्डों में 2000 से ज्यादा आवेदन अब तक मिल चुके हैं.

Published : August 26, 2026 at 4:58 PM IST
जयपुर: निकाय चुनाव को लेकर इन दिनों प्रदेश की सियासत में हलचल तेज है. निकाय चुनाव के लिए 27 अगस्त से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी. ऐसे में प्रदेश के दोनों ही दल इन दिनों प्रत्याशियों की चयन की कवायद में जुटे हुए हैं. इधर कांग्रेस नेताओं का दावा है कि निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा 30 अगस्त तक की जा सकती है.
अब तक 38000 से ज्यादा आवेदन: वहीं प्रदेश कांग्रेस में 309 निकायों के 10245 वार्डों के लिए अब तक 38000 से ज्यादा ऑनलाइन आवेदन आए हैं. बड़ी संख्या में आए ऑनलाइन आवेदन को लेकर प्रदेश कांग्रेस उत्साहित है. इस मामले में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है भाजपा के ढाई साल के शासन से जनता त्रस्त है. इसीलिए कांग्रेस की तरफ लोग उत्साह से देख रहे हैं और कांग्रेस प्रत्याशी बनने के लिए बड़ी संख्या में युवा आवेदन कर रहे हैं. डोटासरा का कहना है कि अकेले जयपुर में 150 वार्डों में 2000 से ज्यादा आवेदन अब तक मिल चुके हैं. एक-एक वार्ड में 5-5 लोग आवेदन कर रहे हैं. बड़ी संख्या में Gen Z और युवाओं के आवेदन ज्यादा मिल रहे हैं. लोगों में कांग्रेस का उम्मीदवार बनने के लिए क्रेज देखा जा रहा है. 30 अगस्त तक आंकड़ा 40000 से पार पहुंच सकता है.
200 विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा है बैठकों का दौर: इधर निकाय पंचायत चुनाव में दावेदारों की रायशुमारी को लेकर सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक, जिलों के प्रभारी बैठकें लेकर दावेदारों से वन–टू–वन संवाद कर रहे हैं और उनसे उनके जीत के समीकरणों को जान रहे हैं. सभी पर्यवेक्षक और जिलों के प्रभारी 27 अगस्त को अपनी रिपोर्ट डोटासरा को सौंपेंगे. उसके बाद ही प्रत्याशी चयन में तेजी आएगी. पार्टी नेताओं का कहना है कि निकाय चुनाव के लिए चल रही रायशुमारी के बाद हर वार्ड से तीन-तीन नाम के पैनल तैयार किए जाएंगे, और उसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी, पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के सदस्य जमीनी फीडबैक के आधार पर प्रत्याशी तय करेंगे.
नेताओं के घरों पर दावेदारों का जमावड़ा: इधर कांग्रेस में पार्षद के लिए दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं का जमावड़ा नेताओं के आवास पर देखने को मिल रहा है. डोटासरा से भी आज बड़ी संख्या में दावेदार कांग्रेस वॉर रूम और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मिले थे और टिकट के लिए दावेदारी जताई थी. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी लगातार दूर दराज से दावेदार जयपुर पहुंचकर मुलाकात कर रहे हैं. मंगलवार रात भी बड़ी संख्या में दावेदार गहलोत के आवास पहुंचे थे. इसके अलावा सांसद, विधायक, विधानसभा प्रत्याशी से भी टिकट की पैरवी के लिए दावेदार उनके घरों पर पहुंच रहे हैं.
किस निकाय में कितने वार्ड:
- 10 नगर निगम-1920
- 47 नगर परिषद-2775
- 252 नगर पालिका-5550 वार्ड

