ETV Bharat / state

मिशन 2029 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, मंडल से लेकर बूथ स्तर संगठन को किया जायेगा मजबूत

कांग्रेस मिशन 2029 की तैयारी में जुट गई है. इसके लिए जमीनी कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए तैयारी की जा रही है.

Congress gears up for Mission 2029
रोहतक में कांग्रेस की बैठक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 17, 2026 at 7:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतकः 2014 से सत्ता से बाहर व तीन बार करारी हार के बाद प्रदेश में कांग्रेस भी अब भारतीय जनता पार्टी की राह पर चल पड़ी है. पार्टी युवाओं से लेकर बूथ व मंडल स्तर तक पहुंच बनाने की तैयारी में जुट गई है. रोहतक में कांग्रेस ने 2029 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है.

संगठन को जमीन स्तर पर मजबूत करने की तैयारीः कांग्रेस अब भाजपा की तर्ज पर मंडल अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है. सितंबर महीने से इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा जो बूथ स्तर से मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति कर आम जनता तक पहुंचेगी. इसके लिए रोहतक में प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी ने कार्यकताओं की बैठक ली. वहीं इन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहीं पर नजर नहीं आए. हालांकि मंच से भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जमकर तारीफ जरूर हुई. इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष भी अब सवाल उठने लगा है.

मिशन 2029 की तैयारी में जुटी कांग्रेस (ETV Bharat)

'हरियाणा कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, पार्टी में सभी नेता एकजुट हैं': रोहतक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने चार विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक ली. संवाद बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति की नब्ज टटोली. संजय दत्त ने कहा कि "सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना होगा. उन्होंने कहा कि "अगर कांग्रेस की मुट्ठी बंद रही तो पार्टी मजबूत रहेगी और सभी एकजुट होकर काम करेंगे." वहीं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने करीब पांच मिनट के संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि "रोहतक में उन्हें अब तक का सबसे बड़ा स्वागत और सम्मान मिला है." हालांकि उन्होंने हरियाणा कांग्रेस में किसी भी तरह की आपसी गुटबाजी से इनकार किया और कहा कि पार्टी में सभी नेता एकजुट हैं.

पूर्व मंत्री ने भूपेंद्र हुड्डा को बेहतर नेता बतायाः इसी दौरान पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने मंच से कुमारी शैलजा, वीरेंद्र सिंह और रणदीप सुरजेवाला की तुलना में भूपेंद्र हुड्डा को बेहतर नेता बताया. प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष चुपचाप उनकी बात सुनते रहे. बैठक में एसआईआर के मुद्दे से लेकर युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया गया. प्रदेश प्रभारी ने कहा कि "कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा युवाओं को संगठन के साथ जोड़ेगी.

अंबाला और हिसार में हुए लाठीचार्ज की निंदा: राव नरेंद्र सिंह ने अंबाला और हिसार में हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सरकार पर तानाशाही की हदें पार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि "एचकेआरएन कार्यालय के बाहर कांग्रेस बड़े नेताओं के साथ धरना-प्रदर्शन करेगी. कांग्रेस ने 2029 का अपना सियासी खाका भी सामने रखा. नेताओं ने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें जीतेगी और केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी. अब सितंबर से बूथ स्तर तक अभियान शुरू कर कांग्रेस चुनावी तैयारी तेज करने जा रही है."

ये भी पढ़ें-करनाल पहुंची सांसद कुमारी सैलजा, बोलीं- 'जनता की सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर रही सरकार, पुलिस-प्रशासन में तालमेल नहीं'