ETV Bharat / state

कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, झारखंड कांग्रेस कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न

रांची में कांग्रेस का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस दौरान प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और तमाम वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे.

Congress Foundation Day
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर नगाड़ा बजाकर खुशियां मनाते प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश व अन्य कांग्रेसी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 28, 2025 at 5:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे देश के साथ-साथ झारखंड की राजधानी रांची में भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्थापना दिवस का जश्न मनाया. कांग्रेस कार्यालय को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया था. वहीं इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण के साथ की गई. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और पार्टी के 140 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को याद किया. इस मौके पर स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका, संविधान निर्माण में योगदान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों को रेखांकित किया गया.

झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

संविधान की रक्षा को कांग्रेस प्रतिबद्धः के. राजू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है. जिसने देश को आजादी दिलाने से लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तक अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता और अखंडता को प्राथमिकता दी है और आज भी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है.

जनमुद्दों पर जारी रहेगा संघर्षः दीपिका पांडेय

वहीं झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस का 140 वर्षों का इतिहास त्याग, संघर्ष और जनसेवा से भरा हुआ है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज को बुलंद की है. मौजूदा दौर में भी कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है.

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है. उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया. नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा आज भी प्रासंगिक है और देश को एकजुट रखने में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है.

Congress Foundation Day
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाते नेता और कार्यकर्ता. (फोटो-ईटीवी भारत)

ढोल-नगाड़े बजाकर कांग्रेसियों ने मनाई खुशी

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती, जनसंघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया. ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कांग्रेस कार्यालय का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और जोश से भरा रहा.

रांची में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस न केवल उत्सव का अवसर रहा, बल्कि पार्टी के इतिहास, संघर्ष और भविष्य की दिशा पर मंथन का मंच भी बना. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि पार्टी जनता के हितों और संविधान की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी.

ये भी पढ़ें-

'स्लीपर सेल' को लेकर कंफ्यूज है कांग्रेस! कभी कहती है कर रहे हैं चिन्हित तो कभी सामने लाने की बात

कांग्रेस स्थापना दिवस के दिन झारखंड में घर-घर पार्टी का झंडा फहराएंगे कांग्रेसी, भाजपा ने बताया नकल

कांग्रेस ने मनाया पेसा उत्सव, ढोल-नगाड़े के साथ सड़क पर निकले नेता-कार्यकर्ता