ETV Bharat / state

चौमूं घटना की जांच के लिए कांग्रेस कमेटी कल करेगी दौरा, चौपदार बोले-रोक के बावजूद की बुलडोजर कार्रवाई

चार सदस्यीय कांग्रेस जांच कमेटी कल दोपहर 2 बजे चौमूं पहुंचेगी और घटनास्थल का जायजा लेगी.

Congress Inquiry Committee Press Conference
कांग्रेस की जांच कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 6, 2026 at 7:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी से सटे चौमूं कस्बे में कलंदरी मस्जिद विवाद के जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से गठित की गई चार सदस्य कमेटी बुधवार दोपहर चौमूं पहुंचेगी और स्थानीय लोगों से वार्ता करेगी. कमेटी घटनास्थल के साक्ष्य जुटाकर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी.

इससे पहले मंगलवार शाम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कमेटी की बैठक हुई जिसमें कमेटी के सदस्य कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एमडी चौपदार और कांग्रेस प्रवक्ता राजेंद्र आर्य शामिल हुए. कमेटी में शामिल चारों सदस्यों ने तय किया कि कमेटी बुधवार को दोपहर 2 बजे चौमूं पहुंचेगी और सर्व समाज के लोगों से बात करेगी और पता लगाएगी कि आखिर इस घटना के पीछे कौन लोग दोषी हैं और क्या वजह रही की हाईकोर्ट के स्टेट के बावजूद प्रशासन ने इस मामले में दखल दिया.

कांग्रेस जांच कमेटी ने बीजेपी पर लगाए आरोप (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: चौमूं बुलडोजर एक्शन पर एमडी चौपदार बोले- हाईकोर्ट के स्टे के बाद किसके दबाव में प्रशासन ने कार्रवाई की?

वहीं बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चार सदस्य कमेटी बनाई है जो कल दोपहर 2 बजे चौमूं पहुंचेगी और घटनास्थल का जायजा लेंगे. वहीं पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक आधार पर देश और प्रदेश को बांटना चाहती है. उन्होंने कहा कि 1981 से कलंदरी मस्जिद प्रकरण पर हाईकोर्ट का स्टे लगा हुआ है. अचानक ऐसी क्या स्थिति आई कि वहां पहले प्रशासन ने रेलिंग लगाई और उसके बाद रात एक बजे रेलिंग को हटा दिया गया. हम वहां जाएंगे तो लोगों से पुष्टि हो जाएंगी कि आखिर क्या वजह थी. उन्होंने कहा कि हमारे विधायक शिखा मील बराला, अमीन कागजी और रफीक खान घटनास्थल पर गए थे.

पढ़ें: चौमूं विवाद की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई चार सदस्यीय कमेटी

'मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास': उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में गरीबों, वंचित और दलितों पिछड़ों और माइनॉरिटी से जुड़े कई मुद्दे हैं. लोगों के काम नहीं हो रहे हैं और यह सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरीके से फेल हो चुकी है, लेकिन इन ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कहीं न कहीं इस षड्यंत्र को रचा गया है. उन्होंने कहा कि हालत बहुत खराब है, विधायकों ने ही सरकार पर आरोप लगाए हैं. धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार अच्छा काम कर रही थी. लोगों को गुड गवर्नेंस दे रही थी, लेकिन भाजपा ने दुष्प्रचार करके सत्ता हथियाली. लेकिन अब इनकी विदाई का समय नजदीक आ गया है.

पढ़ें: चौमूं के पत्थरबाजों का अब बुलडोजर से हिसाब, अवैध निर्माण पर JCB से प्रहार, मदन राठौड़ बोले- सजा तो मिलेगी ही

'पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया': वहीं चौपदार ने कहा जिस तरह का तांडव पुलिस ने किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है. महिलाओं से दुर्व्यवहार किया गया, घरों के दरवाजे तोड़ दिए गए और लोगों को जबरन उठाया गया. उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने ही बुलडोजर की कार्रवाई पर रोक लगा रखी है. उसके बावजूद भी बुलडोजर की कार्रवाई की गई और भजनलाल सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ट्वीट करके कहते हैं कि पत्थरबाजों का इलाज बुलडोजर से, जबकि बुलडोजर की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि चूंकि विधानसभा चुनाव में भाजपा चौमूं में हार गई थी. इसलिए अब कांग्रेस पार्टी और वहां की विधायक को बदनाम करने के लिए दुष्प्रचार किया जा रहा है.