ETV Bharat / state

MLC के फर्जी लेटर पैड पर अफसर को फंसाने की साजिश, सीएम तक पहुंचा मामला, पुलिस खंगाल रही काला नेटवर्क

अलीगढ़ के एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के फर्जी लेटर पैड और कूटरचित हस्ताक्षरों का सहारा लेकर PWD के अधिशासी अभियंता के खिलाफ आरोप लगाया.

FORGED LETTERHEAD
MLC के नाम और पद का दुरुपयोग कर सरकारी अधिकारी को फंसाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 12:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में विधान परिषद (MLC) के नाम और पद का दुरुपयोग कर सरकारी अधिकारी को फंसाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है.

अलीगढ़ के एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के फर्जी लेटर पैड और कूटरचित हस्ताक्षरों का सहारा लेकर बिजनौर में तैनात PWD के अधिशासी अभियंता के खिलाफ शासन में गंभीर शिकायतें भेजी गईं.

मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने पर एमएलसी ने खुद ऐसे किसी पत्र से इनकार करने पर शासन-प्रशासन चौकन्ना हो गया. उधर विधान परिषद सचिवालय की ओर से दी गई तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटनीति की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस अब उस मास्टरमाइंड जालसाज की तलाश में जुटी है, जिसने सिस्टम को गुमराह करने के लिए माननीय सदस्य के विशेषाधिकार का इस्तेमाल किया.

​PWD इंजीनियर को फंसाने की साजिश

जानकारी के मुताबिक ​जालसाज ने बिजनौर में तैनात PWD के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सारस्वत को निशाना बनाते हुए यह साजिश रची. अज्ञात व्यक्ति ने एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के लेटर पैड का दुरुपयोग कर पत्र लिखा.

इसमें इंजीनियर के कार्यों को असंतोषजनक बताया गया. यह पत्र शासन के उच्चाधिकारियों और पुलिस उपायुक्त मध्य कार्यालय तक भेजा गया, ताकि अधिकारी पर दबाव बनाया जा सके.

​ऐसे खुला फर्जीवाड़े का राज

​जब इस शिकायत की जानकारी एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को हुई, तो वे हैरान रह गए. एमएलसी ने तत्काल मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि उन्होंने PWD इंजीनियर के खिलाफ ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है और न ही इस पर उनके हस्ताक्षर हैं.

विधान परिषद सचिवालय की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर हजरतगंज पुलिस ने जांच की. जांच में पत्र पर एमएलसी के हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी पाए गए.

​पुलिस की कार्रवाई

​इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह के मुताबिक, शासन के निर्देशों पर इस गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पत्र कहां से पोस्ट किया गया था और PWD इंजीनियर से रंजिश रखने वाला वह कौन व्यक्ति है, जिसने माननीय सदस्य के नाम का दुरुपयोग किया.

लखनऊ के हजरतगंज में अलीगढ़ के एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी के फर्जी लेटर पैड और कूटरचित हस्ताक्षरों का उपयोग कर लोक निर्माण विभाग के एक अधिशासी अभियंता के खिलाफ झूठी शिकायत की गई. मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने और जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद में एक महिला वोटर ने दो नाम से भरे SIR फॉर्म, डिजिटाइजेशन ने पकड़ा गया फर्जीवाड़ा, मां-बेटे के खिलाफ FIR