UPTET 2026 रिज़ल्ट के बाद उपजे असंतोष को लेकर 5 सदस्यीय समिति गठित, ज़ल्द होगा फ़ैसला
गठित समिति प्राप्त प्रत्यावेदनों के समस्त पहलुओं का गहन परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट आयोग के समक्ष ज़ल्द से ज़ल्द रखेगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 9:51 AM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अवगत कराया है कि विज्ञापन संख्या 01/2026 शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) की लिखित परीक्षा का परिणाम 26 अगस्त को घोषित किया गया था.
परिणाम घोषित होने के उपरांत अभ्यर्थियों द्वारा अपने असंतोष के संबंध में आयोग कार्यालय पर स्वयं उपस्थित होकर, रजिस्टर्ड डाक एवं ई-मेल के माध्यम से प्रत्यावेदन प्राप्त कराए जा रहे हैं.

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग ने प्राप्त प्रत्यावेदनों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है.
गठित समिति प्राप्त प्रत्यावेदनों के समस्त पहलुओं का गहन परीक्षण कर अपनी आख्या आयोग के समक्ष यथाशीघ्र उपलब्ध कराएगी.
प्राप्त आख्या के आधार पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) के अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदनों का निराकरण / निस्तारण किया जाएगा.
आयोग से पत्राचार के इच्छुक कोई भी अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन आयोग की आधिकारिक ई-मेल upessc.prayagraj@gmail.com के माध्यम से उपलब्ध करा सकता है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का परिणाम 26 अगस्त को घोषित कर दिया गया था. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया था कि परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल 5 पालियों में आयोजित की गई थी.
प्रदेश के 60 जनपदों के 955 केंद्रों पर संपन्न हुई इस परीक्षा में 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. विज्ञापन के नियमों के तहत तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) प्रक्रिया का पालन करते हुए यह परिणाम तैयार किया गया
ये भी पढ़ें - UPTET 2026 का रिजल्ट जारी: प्राथमिक में 5.71 लाख और उच्च प्राथमिक में 7.59 लाख अभ्यर्थी हुए सफल

