74 दिन में तीसरी बार झटका, कमर्शियल सिलेंडर के फिर बढ़े दाम, रीवा में सबसे महंगा सिलेंडर
74 दिन में तीसरी बार बढ़े कमर्शियल सिलेंडर के दाम, शादी-ब्याह का बिगड़ा बजट, 240 से 260 की हो जाएगी 200 रुपए वाली थाली.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 1, 2026 at 7:16 PM IST
भोपाल: अमेरिका-ईरान और इजराइल के बीच की जंग की वजह से एक बार फिर सरकार ने कामर्शियल सिलेंडर का दाम बढ़ा दिए हैं. बता दें कि बीते 74 दिन के अंदर यह तीसरा मौका है, जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है. 1 मई 2026 से प्रभावी नई दरों में औसतन 993 रुपए का इजाफा किया गया, जिससे दो महीने में ही कीमत करीब 1248 रुपए बढ़ चुकी है. अब कई शहरों में सिलेंडर 3 हजार रुपए के पार पहुंच गया है, जिसने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है.
पेट्रोल-डीजल स्थिर, लेकिन राहत अधूरी
बता दें कि ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें 120 डालर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बावजूद सरकार ने पेट्रोल और डीजल का दाम नहीं बढ़ाया. इससे आम लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन कमर्शियल गैस की महंगाई ने इस राहत को काफी हद तक बेअसर कर दिया है. वहीं कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही गैस की किल्लत ने स्थिति और गंभीर बना दी है. होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को जरूरत का सिर्फ 50 प्रतिशत गैस ही मिल पा रहा है. मजबूरी में उन्हें डीजल, बिजली या कोयले जैसे महंगे विकल्प अपनाने पड़ रहे हैं, जिससे संचालन की लागत लगातार बढ़ रही है.

सबसे महंगा कामर्शियल सिलेंडर रीवा में मिलेगा
प्रदेश में कमर्शियल सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़े हैं. भोपाल में 3,074 रुपए, इंदौर में 3,179 रुपए, जबलपुर में 3,290 रुपए और ग्वालियर में 3,296 रुपए तक कीमत पहुंच गई है. वहीं रीवा में सबसे महंगा सिलेंडर 3,323 रुपए में मिल रहा है. शहडोल में कामर्शियल सिलेंडर के दाम 3,317 रुपए, सिंगरौली में 3,321 रुपए, सागर में 3,105 रुपए, छिंदवाड़ा में 3,118 रुपए, नर्मदापुरम में 3,109 रुपए और उज्जैन में सिलेंडर का दाम 3,241 रुपए हो गया है. प्रत्येक जिलों में औसतन 993 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है.
थाली महंगी, 20 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं दाम
रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए अब खाने के दाम बढ़ाना तय है. अनुमान है कि आने वाले दिनों में होटल और रेस्टोरेंट में खाने की कीमतें 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं. इसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा. कारोबारी संगठनों का कहना है कि 5 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी स्वीकार्य थी, लेकिन एक साथ करीब 50 प्रतिशत तक दाम बढ़ाना उचित नहीं है. उन्होंने सरकार से कीमतों की समीक्षा करने और राहत देने की मांग की है, ताकि बाजार और आम लोगों पर बढ़ते बोझ को कम किया जा सके.

शादी-ब्याह का बजट बिगड़ेगा कामर्शियल सिलेंडर
बता दें कि मध्य प्रदेश में शादियों का दौर चल रहा है. आने वाले दिनों में जुलाई तक 25 हजार से अधिक शादियां प्रस्तावित हैं. ऐसे में आयोजकों के कैटरिंग का खर्च भी तेजी से बढ़ने वाला है. विशेषज्ञों के अनुसार 500 लोगों के खाने पर 45 से 50 हजार रुपए तक और एक हजार लोगों के खाने पर 80 से 90 हजार रुपए का अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है. जिससे मध्यम वर्ग के लिए शादी का बजट संभालना मुश्किल होगा.

240 से 260 रुपये की मिलेगी 200 रुपये वाली थाली
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अनुसार आने वाले दिनों में रेस्टोरेंट्स में खाने की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है. यानी जो खाना आज 200 रुपए में मिल रहा है, वह जल्द ही 240 से 260 रुपए तक पहुंच सकता है. वहीं जमीनी हालात और भी चुनौतीपूर्ण हैं. कई छोटे होटल और ढाबे संचालक बताते हैं कि गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई नहीं मिल रही है, 2 हजार रुपए का कामर्शियल सिलेंडर 3500 से 4 हजार में खरीदना पड़ रहा था. अब व्यापारियों का कहना है कि प्रति सिलेंडर 933 रुपए का दाम बढ़ने से हम लोगों को ब्लैक में 5 से 6 हजार रुपए में सिलेंडर खरीदना पड़ेगा.
- छिंदवाड़ा में खाली सिलेंडर लेकर बीच सड़क पर बैठा युवक, एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप
- LPG संकट के बीच रिफिलिंग के नाम पर गैस एजेंसी कर्मचारी ने उड़ा दिए 30 खाली सिलेंडर
शादियों ने बढ़ाई कामर्शियल गैस की खपत
बरखेड़ा मार्केट स्थित भारत गैस एजेंसी के मैनेजर एसएम शर्मा के अनुसार "रसोई गैस और कामर्शियल गैस सिलेंडर की उतनी समस्या नहीं है, जितनी बताई जा रही है. हमारे पास पर्याप्त स्टाक मौजूद है और समय पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई की जा रही है. जबकि कामर्शियल गैस सिलेंडर भी तय कोटे के अनुसार व्यापारियों को दिए जा रहे हैं. शादियों के कारण थोड़ा कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में गैप बढ़ा है, जिसे कम करने की कोशिश की जा रही है."

